कमर दर्द के नाम पर 1.50 लाख रूपये गहने ठगे, तलाश में जुटी पुलिस
ग्वालियर. टैम्पो में मिली एक युवती ने कमर दर्द से परेशान महिला को भरोसे में लेकर एक माता मंदिर में अर्जी लगाकर वहां पानी पीने से दर्द चला जाता है। वह स्वयं इस तरह के दर्द से पीडि़त थी। लेकिन अब ठीक है। मुरैना से आयी महिला उसके जाल में फंस गयी। महिला उसे मंदिर ले गयी। यहां गहने उतरवा कर मां के चरणों में रखवा दिये और इसके बाद महिला के पति को पानी की बोतल लेने भेज दिया। महिला से कहा कि गहनों की फोटो माता पर चढ़ानी पड़ती है। इसके बाद वह डेढ लाख के गहने लेकर फोटो कॉपी कराने निकली लेकिन वापिस नहीं लौटी। जब महिला का पति व बेटी आये तो घटना का पता चला। घटना बहोड़ापुर थाना इलाके में शनिवार की दोपहर की है। पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
मुरैना के बागचीनी निवासी 48 वर्षीय महिला कमलेश कुशवाह पत्नी अमर सिंह कुशवाह ने शिकायत की है कि उसकी कमर में दर्द होता है। कोई नस दबी होने के कारण कई बार असहनीय दर्द होता है। वह बेटी, पति के साथ मुरैना से ग्वालियर इलाज कराने के लिए आ रही थी। बानमोर से वह ग्वालियर के लिए टेंपो में सवार हुए। टेंपो में कमलेश के पास एक युवती बैठी थी। बातचीत हुई तो महिला ने बताया कि वह दवा लेने जा रही है। पास बैठी युवती ने बीमारी के बारे में पूछा तो कमलेश ने बताया कि उसकी कमर की नस दबी होने पर दर्द होता है। इसी दर्द की वह दवा लेने के लिए जा रही है। इसका पता चलते ही युवती ने उसे बताया कि दो साल पहले उसे भी इसी तरह का दर्द होता था तो उसने बहोड़ापुर पर एक मंदिर से पानी लिया था और अर्जी लगार्ई थी, उसके बाद वह ठीक हो गई। महिला और उसके परिवार को बातों में फंसाकर वह मंदिर तक ले आई।
सीसीटीवी में कैमरे में कैद हुई घटना
पुलिस ने घटना की खबर मिलते ही ठगों की जांच पड़ताल शुरू की। आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो एक कैमरे में महिला और उसकी बेटी के साथ वह युवती भी बैठी दिखाई दे रही है। तीनों को फुटेज मिलने से घटना की पुष्टि होती है और पुलिस को ठगी करने वाली महिला का चेहरा भी मिल गया। ठग महिलाकी उम्र 25 से 30 वर्ष के आसपास है। अब पुलिस इस सीसीटीव फुटेज के आधार पर महिला ठग की तलाश शुरू कर दी है।
