सरकारी जमीनी विवाद में हुई गोलीबारी 3 लोगों की मौत
मुरैना. अम्बाह थाना इलाके में गीला पुरा गांव में गुरूवार की दोपहर 12.30 बजे जमीनी विवाद को लेकर फायरिंग हो गयी। घटना में 3 लोगों की मौत हुई है। एक पक्ष चाचा-भतीजे और दूसरे पक्ष के एक शख्स की मौत गोली लगने से हुई है। घटना में एक पक्ष के अमरीश शर्मा 28, अभिषेक शर्मा 20, की मौत घटनास्थल पर हो गयी थी। दोनों मृतकों के शवों ट्रैक्टर से अम्बाह पीएम हाउस लाया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष के श्यामबाबूे शर्मा पिता लक्ष्मीनारायण शर्मा 51, के पैर में भी गोली लगी थी। जिसे उपचार के लिये सिविल अस्पताल अम्बाह लाया गया था। जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गयी। मृतक श्यामबाबू शर्मा का शव फिलहाल सिविल अस्पताल में ड्रेसिंग कक्ष में रखा है।
दो लोगों को किया गिरफ्तार-एसडीओपी
एसडीओपी रवि भदौरिया ने बताया है कि गीला पुरा गांव में 2 पक्षों में लगभग एक बीघा सरकारी जमीन के कब्जे को लेकर झगड़ा हो गया। घटना में हुई गोलीबारी में एक पक्ष के अमरीश शर्मा और अभिषेक शर्मा की मौत हुई है। वहीं, दूसरे पक्ष के एक व्यक्ति श्यामबाबू शर्मा की भी इलाज के दौरान मौत हुई है। मामले में दोनों पक्षों की ओर से पहले कोई भी रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गयी है। आज एक पक्ष जमीन जोतने के लिये गया था और दूसरे पक्ष ने फायरिंग कर दी। दो लोगों को हिरासत में लिया है। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिये टीमें रवाना की गयी है।
