राहत की वर्षा, तिघरा में आया 30 दिन का पानी
ग्वालियर. मानसून की दस्तक के साथ ही शहर में राहत की वर्षा शुरू हो चुकी है। तिघरा बांध का जल स्तर कम होने के कारण शहर दो दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति का सामना करने जा रहा है, लेकिन इसी बीच अच्छी खबर यह है कि घाटीगांव स्थित कैचमेंट एरिया में बीते चार दिन से रुक-रुककर हो रही वर्षा के कारण तिघरा बांध में पानी आना शुरू हो गया है।
पिछले पांच दिन में तिघरा का जलस्तर साढ़े तीन फीट तक बढ़ चुका है और बांध में 30 दिनों का पानी पहुंच गया है। जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक रात में भी कैचमेंट एरिया से पानी आ रहा है, ऐसे में रविवार सुबह तक तिघरा का जलस्तर चार फीट तक बढ़ सकता है। गत 25 जून को तिघरा बांध का जलस्तर 715.80 फीट पर था और तिघरा सिर्फ साढ़े 13 प्रतिशत ही भरा हुआ था।
ऐसे में नगर निगम और जलसंसाधन विभाग के अधिकारियों ने ककैटो से 1400 और पेहसारी से 900 एमसीएफटी पानी लिफ्ट कर फीडिंग कैनाल के जरिए तिघरा में लाने का टेंडर कर दिया। यह टेंडर आगामी पांच जुलाई को खोला जाना है, लेकिन इसी बीच हुई वर्षा के कारण तिघरा में पानी आने की शुरूआत हो गई। पिछले 24 घंटों के अंदर ही तिघरा में डेढ़ फीट तक पानी बढ़ा है।
अब तिघरा का जलस्तर 719.10 फीट तक पहुंच गया है यानी अब बांध में 1086 एमसीएफटी पानी मौजूद है। इस हिसाब से यह शहर में अतिरिक्त 30 दिन की आपूर्ति के लिए पर्याप्त है। प्रतिशत के हिसाब से तिघरा अब 20 प्रतिशत से अधिक भर चुका है। कैचमेंट एरिया में अभी भी वर्षा होने के कारण रविवार सुबह भी जलस्तर में बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
