MP में देरी से ऑफिस पहुंचने वाले अधिकारी-कर्मचारियों की खैर नहीं
भोपाल. कोरोना काल में प्रदेश में पांच दिवस कार्यालय लगाने की व्यवस्था के साथ कार्यालयीन समय में जो परिवर्तन किया गया था उसका पालन नहीं हो रहा है। अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंच रहे है। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी विभागों को कार्यालयीन समयावधि का पालन कराने के निर्देश दिए है। बता दें कि अप्रैल 2021 से कार्यालयीन समय सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है लेकिन सुबह 10 बजे अधिकतर कार्यालयों में कर्मचारी व अधिकारी नहीं आते है। इसे गंभीरता से लेते हुए सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्ष, कलेक्टर और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देश दिए है कि वे कार्यालयीन समयावधि का पालन कराएं।
समय पर कार्यालय नहीं पहुंच रहे अधिकारी
सामान्य प्रशासन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि प्राय: यह देखने में आ रहा है कि कार्यालयों में निर्धारित समयावधि का पालन नहीं हो रहा है। अधिकतर कर्मचारी सुबह 10 बजे कार्यालय नहीं पहुंचते हैं। इससे कार्य प्रभावित होता है। इसे देखते हुए सभी वरिष्ठ अधिकारियों से कहा गया है कि वे निर्धारित समय सीमा का पालन सुनिश्चित कराएं।
