ग्वालियर में 2 से 12 अगस्त तक आयोजित होगी अग्निवीर भर्ती रैली
लगभग साढ़े नौ हजार अभ्यर्थी भर्ती रैली में होंगे शामिल
ग्वालियर – अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केन्द्र में आगामी 2 से 12 अगस्त तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित होगी। इस भर्ती रैली को सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिये व्यापक स्तर पर तैयारियाँ की जा रही हैं। भर्ती की तैयारियों के सिलसिले में शनिवार को कलेक्टर रुचिका चौहान की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह की मौजूदगी में भर्ती स्थल पर जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम एवं अग्निवीर भर्ती से जुड़े सेना के अधिकारियों की प्रारंभिक बैठक हुई। साथ ही सभी अधिकारियों ने विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर अटल बिहारी वाजपेयी दिव्यांग खेल प्रशिक्षण केन्द्र का जायजा भी लिया। ज्ञात हो लिखित परीक्षा में सफल हो चुके लगभग 9 हजार 500 अभ्यर्थी अग्निवीर भर्ती रैली में भाग लेंगे।
बैठक में निदेशक आर्मी भर्ती कार्यालय मुरार कर्नल संतोष कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह, अपर जिला दण्डाधिकारी टीएन सिंह, अपर आयुक्त नगर निगम मुनीष सिकरवार, एसडीएम झांसी रोड़ विनोद सिंह, एसडीएम घाटीगाँव राजीव समाधिया, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी तथा पुलिस, नगर निगम एवं अन्य संबंधित विभागों सहित भर्ती से जुड़े सेना के अधिकारी मौजूद थे।
जिला प्रशासन, पुलिस व सेना भर्ती कार्यालय के अधिकारियों की बैठक में अग्निवीर भर्ती से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं को पुख्ता ढंग से अंजाम देने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए। साथ ही दिव्यांग खेल स्टेडियम परिसर में अभ्यर्थियों के प्रवेश, निकास एवं शारीरिक परीक्षा स्थल इत्यादि का सभी अधिकारियों ने संयुक्त रूप से जायजा लिया।
