महिला कमांडों के शौर्य से अबूझमाड़ में 48 लाख रुपये के इनामी नक्सलियों समते 8 ढेर
नारायणपुर. अबूझमाड के कुतुल-फरसबेडा और कोडतामेटा के जंगल में शनिवार को नक्सलियों से हुए मुठभेड में सुरक्षाबल ने 48 लाख रुपये के इनामी सहित 8 हथियारबंद व वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया। इनमें से 6 नक्सली पर आठ-आठ लाख रुपये सहित 48 लाख रुपये का इनाम घोषित था। दो नक्सलियों की पहचान नहीं हो सकी। इस अभियान को पूरा करने सुरक्षाबल पांच दिन तक अबूझमाड के नक्सलियों के इलाके में प्रवेश किया था। इसमें महिला कमांडों की विशेष भूमिका होने की बात बताई जा रही है।
अभियान की सफलता के बाद रविवार को नारायणपुर में आईजी सुंदरराज पी. ने बताया कि नारायणपुर पुलिस द्वारा संचालित नक्सल विरोधी नक्सलवाद से माड को बचाओ अभियान में सुरक्षाबलों को बडी सफलता मिली है। मुठभेड में माड डिविजन के सप्लाई टीम व पीएलजीए मिलिट्री कंपनी नंबर एक के तीन डिविजनल कमेटी सदस्य, तीन प्लाटून पार्टी कमेटी सदस्य सहित 8 नक्सलियों को मार गिराया। अभियान को पूरा करने सुरक्षाबल माड डिवीजन के कुतुल एरिया कमेटी क्षेत्र मं कोडमरका, फरसबेडा के जंगलों में गई थी।
संयुक्त अभियान में नारायणपुर, कोंडागांव, दंतेवाडा, कांकेर जिलो के एलिट फोर्सेस डीआरजी व एसटीएफ के साथ 53वीं वाहिनी आईटीबीपी एवं बीएसएफ 135वीं वाहिनी का बल शामिल रहा। पांच दिन तक चले अभियान में महिला कमांडो की विशेष भूमिका रही। घटनास्थल से आठ वर्दीधारी नक्सलियों सहित एक इंसास रायफल, दो 303 रायफल, तीन 315 बोर रायफल, एक बीजीएल लांचर सहित भारी मात्रा में विस्फोटक सामान व अन्य नक्सली दैनिक उपयोगी सामग्री मिली है। सुरक्षाबलों को घटना स्थल पर खून के धब्बे देखने को मिले हैं, जिससे लगता है कि मुठभेड़ में बड़ी संख्या में नक्सली घायल हुए हैं या मारे गए हैं।
