ग्‍वालियर में अब दो दिन छोड़ मिलेगा पानी, तिघरा में अब 31 जुलाई तक बचा

ग्वालियर. शहर अब गंभीर जल संकट की स्थिति में आ गया है। अभी तक एक दिन छोडकर पानी सप्लाई दी जा रही थी लेकिन अब दो दिन छोडकर पानी दिए जाने का प्रस्ताव जल संसाधन विभाग ने निगम को भेज दिया है। तिघरा में 31 जुलाई तक का 523 एमसीएफटी पानी बचा है। 438 एमसीएफटी के बाद पानी नहीं लिया जा सकता। हर साल पानी की कमी का हवाला देने वाले अफसर तिघरा का जल स्तर बढते ही लीकेज और बर्बादी जैसे मुद्दे भूल जाते है। उधर ठोस इंतजाम की बजाए दिखावे के लिए पानी लिफ्टिंग का प्रस्ताव भोपाल भेजा जिसकी स्वीकृति का प्रविधान ही नहीं था तो वहीं हुआ अस्वीकृति का पत्र भी नगर निगम को आ गया।
जल संसाधन विभाग ने दो दिन में एक बार पानी छोडने का प्रस्ताव भेजा
अब जब कोई उपाय ही नहीं है तो जल संसाधन विभाग ने एक दिन छोडकर पानी देने की बजाए दो दिन पानी छोडकर देने का प्रस्ताव नगर निगम को भेज दिया है। राहत आयुक्त की ओर से सिर्फ टैंकरों से पानी के परिवहन के लिए बजट दिया जा सकता है। जनता के लिए जो सबसे जरूरी है उसको लेकर ही सबसे बडी बेपरवाही ग्वालियर में सामने आती है। नगरीय प्रशासन विभाग से भी लिफ्टिंग की प्रशासकीय स्वीकृति जारी नहीं हुई है। उधर जलसंसाधन विभाग और नगर निगम के अधिकारी पानी लिफ्टिंग की तैयारी में है लेकिन इसके लिए भी टेंडर प्रक्रिया की जाएगी जिसमें कम से कम 30 दिन का समय लगेगा।
तिघरा में 31 जुलाई तक के लिए ही पानी उपलब्ध
उधर एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाइ होने की स्थिति में 31 जुलाई तक का पानी ही मौजूद है। यदि समय से मानसून मेहरबान नहीं होता है, तो सरकारी सिस्टम की लेटलतीफी के कारण शहर में भीषण जल संकट के हालात बन सकते हैं। इसको देखते हुए नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह भी सोमवार की शाम को भोपाल के लिए रवाना हो गए हैं और वे खुद वरिष्ठ अधिकारियों से मिलकर शहर के हालातों की पूरी रिपोर्ट सौंपेंगे, ताकि जल्द से जल्द मंजूरी मिल सके और शहर में पानी की आपूर्ति के लिए पानी लिफ्ट किया जा सके। पानी लिफ्ट होने की स्थिति में अगस्त माह तक आपूर्ति हो सकेगी। वहीं जलसंसाधन विभाग ने भी शहर में अब एक के बजाय दो दिन छोड़कर पानी की आपूर्ति करने का प्रस्ताव नगर निगम को भेजा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *