गेंती, फावड़ा व कुदाल थामकर लोगों के साथ मुरार नदी को साफ करने उतरे अफसर

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत गाँव-गाँव व शहर-शहर में हो रहा है जल संरचनायें सहेजने का काम
ग्वालियर – नदियों व जलाशयों को पुनर्जीवन देना “जल गंगा संवर्धन अभियान” का अहम पहलू है। नागरिकों की भागीदारी से इस काम को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी सिलसिले में संभागीय आयुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर रुचिका चौहान व नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह शुक्रवार को गेंती, फावड़ा, कुदाल व तस्सल थामकर स्थानीय निवासियों के साथ साफ-सफाई के लिये मुरार नदी में उतरे। सभी वरिष्ठ अधिकारियों ने श्रमदान कर मुरार की जीवन रेखा कही जाने वाली प्राचीन नदी को पुनर्जीवित करने में सभी से सहयोग करने का आह्वान किया। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थानीय लोगों ने भी हाथ बटाया। साथ ही निगम की मशीनरी की मदद से कचरा नदी से बाहर निकाला गया।
संभागीय आयुक्त डॉ. सुदाम खाडे ने श्रमदान के दौरान कहा कि भूमि का जल स्तर लगातार गिरता जा रहा है। हमें वर्षा जल सहेजने के लिए साझा प्रयास करने होगें। यह काम अकेले शासन व प्रशासन से संभव नहीं है।नगर निगम आयुक्त हर्ष सिंह ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार तथा पौधारोपण के साथ साथ जल संरचनाओं को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा।इस अवसर पर अपर आयुक्त नगर निगम विजय राज, एसडीएम मुरार अशोक चौहान, सहायक सिटी प्लानर प्रदीप जादौन व क्षेत्राधिकारी सुश्री प्रगति गोस्वामी सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी श्रमदान में सहभागिता की।
पृथ्वी ताल एवं डफरन सराय स्थित कुए पर किया श्रमदान
जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत अजा वार्ड 61 के अंतर्गत पृथ्वी ताल पर श्रमदान कर साफ सफाई की गई। श्रमदान के मौके पर उपायुक्त रजनीश गुप्ता, कार्यपालन यंत्री अजय पाल सिंह जादौन, अमित गुप्ता, सीओ राजीव सिंघल, क्षेत्राधिकारी राकेश सिंह कुशवाह और नगर निगम क्षेत्रीय कार्यालय 22 का समस्त स्टाफ ने उपस्थित होकर श्रमदान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *