ग्वालियर में भीषण गर्मी, पांच लोगों की माैत, लू लगने की आशंका
ग्वालियर. शहर में इन दिनों भीषण गर्मी पड रही है, इसका जनजीवन पर असर देखा जा रहा है। नौतपा खत्म होने के बाद भी गर्मी कम होने का नाम नहीं ले रही है। भीषण गर्मी के कारण लोगों की जान भी खतरे में पड रही है। बुधवार को अलग-अलग क्षेत्रों में पांच लोगों की मौत हो गई। प्राथमिक तौर पर लू से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मर्ग कायम कर जांच पडताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार पडाव और पुरानी छावनी में दो शव बरामद किए गए और पुलिस को सूचना भेजी गई। इन दोनों मृतकों की उम्र 50 से 60 साल बताई गई है। ग्रामीण के पनिहार इलाके में लच्छो बाई उम्र 60 साल और मुरली जाटव 70 साल की भीषण गर्मी के कारण हालत खराब हो गई। दोनों को तत्काल ही अस्पताल ले जाया गया लेकिन बचाया नहीं जा सका। प्राथमिक जांच में आशंका जताई गई है कि भीषण गर्मी से ही इन लोगों की हालत बिगडी थी। जनकगंज इलाके में सडक किनारे बहादुर घोसी 70 साल की लाश मिली थी। इस मामले में भी पुलिस जांच कर रही है।
