सभी की भागीदारी से करें जल संरचनाओं को पुनर्जीवित
गंगा दशमी 16 जून तक चलेगा यह अभियान
ग्वालियर – पानी सहेजने के लिए जिले के गाँव-गाँव व कस्बे-कस्बे में भी विश्व पर्यावरण दिवस से “जल गंगा संवर्धन” अभियान के तहत जल संरचनाओं के जीर्णोद्धार व पुनर्जीवन का काम शुरू हुआ। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए वृहद स्तर पर वृक्षारोपण करने की तैयारियाँ भी साथ-साथ शुरू हुईं। उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने गोल पहाड़िया क्षेत्र में स्थित मेहराब साहब की तलैया और ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने सागरताल की साफ-सफाई व जीर्णोद्धार कार्य में भाग लिया। जन सहयोग और शासन की योजनाओं की भागीदारी से यह कार्य मूर्तरूप दिए जा रहे हैं। यह अभियान गंगा दशमी 16 जून तक चलेगा।
यह काम होंगे
“जल गंगा संवर्धन” विशेष अभियान में जल संरचनाओं मसलन तालाब, कुँआ, बावड़ी व पोखर इत्यादि के संरक्षण व उन्नयन के कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता से कराए जायेंगे। जल संरचनाओं को गंदा कर रहे पानी के नाले व नालियों को डायवर्ट कर उनका पानी शुद्ध करने के बाद जल संरचनाओं में छोड़ने के प्रयास होंगे। प्रमुख नदियों से जुडे प्राचीन मंदिरों, पुरातात्विक सम्पदाओं का जीर्णोद्धार, रखरखाव एवं जलीय जीव, वनस्पतियों आदि का अध्ययन एवं संरक्षण किया जाएगा। नदियों एवं जल स्त्रोतों के निकट धार्मिक स्थानों, तीर्थ स्थलों, मेले एवं पुरातात्विक सम्पदाओं पर वृहद साफ-सफाई, सजावट तथा लोक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों/भजनों से लोक रुचि के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।
