पति-पत्नी और बेटी की एक साथ उठी अर्थियां, 3 घंटे बाद लपटों में घिरे
दतिया. एक मकान में लगी आग से जलकर जान गंवाने वालो युवक के बाद उसकी पत्नी और 9 वर्षीय बेटी ने मंगलवार की रात को दम तोड़ दिया। 2 बेटों में छोटे का जिला अस्पताल मेुं उपचार चल रहा हैं, वहीं 10 वर्षीय बड़ा बेटा हादसे के समय बाहर खेल रहा था। इसलिये वह आग की चपेट में आने से बच गया। घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। एक भी घर के चूल्हे नहीं जले। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शवों को गांव भिजवाया। जहां पर तीनों की एक साथ अंतिम संस्कार किया गया।
दतिया के तिगरू गांव में मंगलवार की दोपहर वीरू करण 37, के कच्चे मकान में आग लग गयी थी। वीरू करण के साथ ही आग की चपेट में उनकी पत्नी सरस्वती 34, बेटा राम 7 और 9 वर्षीय बेटी निधि आग की लपटों में घिर गये। वहीं 10 वर्षीय बेटा कृष्णा हादसे के समय बाहर खेल रहा था। इसलिये वह आग की चपेट से दूर रहा।
हाईटेंशन में शॉर्ट सर्किट से भड़की आग
ग्रामीणों से चर्चा के दौरान सामने आया कि पहले आग घर के बगल में कचरे के ढेर में लगी। इसके ऊपर से हाई टेंशन लाइन निकली है। इसमें शॉर्ट सर्किट के बाद कचरे में आग लग गई। इसे देख वीरू मौके पर पहुंचा और पानी डाल कर आग बुझा दी। फिर वह अपने परिवार के साथ झोपड़ी में सोने चला गया। तब तेज हवा चल रही थी। कचरे की ढेर में अंदर ही अंदर फिर आग सुलग गई। उसी से उठी एक चिंगारी हवा के साथ झोपड़ी की कच्ची छत पर जा पहुंची। इससे छप्पर ने तेज आग पकड़ ली परिवार कुछ समझ पाता इससे पहले ही छपरा उन पर गिर पड़ा।
ग्रामीणों ने अंदर फंसे परिवार को बाहर निकाला
परिवार की चीख पुकार सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने टिल्लू पंप से आग बुझाने की कोशिश की और घर के अंदर फंसे परिवार को बाहर निकाला। चश्मदीद छोटू के मुताबिक, छप्पर गिरने से पूरा परिवार झुलस गया। परिवार को आग से बचाने के दौरान गांव के रविंद्र सेन, आकाश लोधी और ममेरे भाई रामनारायण कर्ण के भी हाथ झुलस गए थे। इसके बाद हम घायलों को इंदरगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे। लेकिन रास्ते में ही वीरू ने दम तोड़ दिया था। पत्नी और दोनों बच्चों को दतिया जिला अस्पताल रेफर किया गया।
