लोकायुक्त ने सफाई दरोगा को 2 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, महिला कर्मचारी को कर रहा था परेशान
ग्वालियर. नगरनिगम का सफाई दरोगा (डब्ल्यूएचओ) को लोकायुक्त ने 2 हजार रूपये की रिश्वत लेते हुए मंगलवार की सुबह रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सफाई दरोगा एक महिला सफाई कर्मचारी से छुट्टी देने कूे बदले 2 हजार रूपये की मांग कर रहा था। परेशान होकर महिला लोकायुक्त के पास पहुंची और शिकायत की। मंगलवार की सुबह महिला ने सफाई दरोगा को रूपये देने के लिये बुलाया। जैसे ही जीडीए ऑफिस के पास दरोगा पहुंचा और रिश्वत के रूपये लेकर जेब में रखे तो पास ही खड़ी लोकायुक्त की टीम ने उसका हाथ पकड़ लिया। केमीकल लगे 2 ह जार रूपये उससे जब्त कर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और साथ ही नगरनिगम को उसे निलंबित करने का पत्र लिखा है।
महिला कर्मचारी काजल बाल्मीकि ने लोकायुक्त कार्यालय में पहुंचकर शिकायत की थी कि वार्ड नम्बर 32 जोन -6 का सफाई दरोगा अनूप पारछे उसे छुट्टी देने के नाम पर 2000 रूपये की रिश्वत की मांग कर रहा है और इतना ही नहीं वह कहता है कि हर माह मुझे 2000 रूपये देने होंगे नही ंतो छुट्टी नहीं मिलेगी। जिस पर लोकायुक्त पुलिस ने सफाई दरोगा को ट्रैप करने के लिये प्लानिंग कर टीम बनाई। सबसे पहले महिला कर्मचारी को ऑडियो डिवाइस देकर सफाई दरोगा से डील कर बातचीत को रिकॉर्ड करने के लिये कहा गया। बातचीत का ऑडियो टेप आ गया तो उसके बाद सफाई दरोगा की घेराबंदी की गयी।
जेब में रखते ही दबोचा सफाई दरोगा
सफाई दरोगा ने महिला कर्मचारी को मंगलवार की सुबह 5.30 बजे 2000 रूपये लेकर फूलबाग जीडीए ऑफिस के पास बुलाया था। जहां महिला सफाई कर्मचारी काजल के द्वारा सफाई दरोगा को 2000 रूपये रिश्वत दी गयी। तभी जाल बिछाकर लोकायुक्त की टीम ने उसे रंगे हाथ रिश्वत लेते धर दबोच लिया। लोकायुक्त 2 हजार रूपये उसके जेब से बरामद कर लिये। उसके हाथों को धुलवाया गया तो वह गुलाबी हो गये। पकड़े जाने के बाद सफाई दरोगा अनूप पारछे सिर झुकाकर बैठा रहा। लोकायुक्त ने उस पर भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।
रिश्वत लेने में बदनाम हैं सफाई दरोगा
यह पहला केस नहीं है कि जब सफाई दरोगा, अपने अधीन काम करने वाले सफाई कर्मचारियों की छुट्टी के बदले रुपए मांग रहा हो। किसी भी जाेन में चले जाएं तो यही आलम है। कई जगह तो कर्मचारी साइन करने आते हैं और सफाई दरोगा उनकी हाजिरी लगाकर उनको जाने देता है। इसके बदले वह हर महीने उनकी सैलरी से एक निश्चित रकम लेता है। महिला सफाई कर्मी काजल का कहना है कि अनूप पारछे अन्य महिला सफाई कर्मियों से भी इसी तरह का बर्ताव करता है। वह महीने में चार छुट्टिया के एवज में दो हजार रुपए की मांग करता है। इस कारण कई महिला सफाई कर्मी परेशान हैं। मुझसे भी दो हजार रुपए मांगे थे, लेकिन मैंने उसे रिश्वत न देने से अच्छा लोकायुक्त में जाकर उसे पकड़वाना ठीक समझा।
एक सफाई दरोगा को रिश्वत लेते पकड़ा है
इस मामले में डीएसपी लोकायुक्त राघवेंद्र ऋषिश्वर ने बताया कि एक सफाई दरोगा को लोकायुक्त पुलिस ने रंगे हाथ 2 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। सफाई दरोगा अपने ही महिला सफाई कर्मचारी से उसे छुट्टी देने के एवज में 2 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहा था।
