राजकोट गेमिंग जोन हादसे में 28 लोगों की मौत पर सख्त एक्शन, 6 अधिकारी निलंबित, इंजीनियर, इंस्पेक्टर और टाउन प्लानर

राजकोट. गुजरात में राजकोट टीआरपी गेमिंग जोन में आग लगने से अभी तक 28 लोगों की मौत हो गयी है। जिसमें 12 बच्चे हैं। इस मामले में प्रशासन ने 6 अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। राजकोट नगरनिगम के 2 अधिकारी असिस्टेंट इंजीनियर जयदीप चौधरी और टाउन प्लानर गोतम जोशी को निलंबित किया गया है और इसके साथ ही सड़क एवं निर्माण विभाग के 2 अधिकारी एडिश्नल इंजीनियर पारस कोठिया और डिप्टी इंजीनियर एमआर सुमा को भी निलंबित किया गया है। वहीं, पुलिस विभाग के 2 अधिकारी पुलिस इंस्पेक्टर एनआर राठौड़ और पुलिस इंस्पेक्टर वीआर पटेल पर भी गाज गिरी है।
इस दौरान गुजरात के सीएम भूपेन्द्र पटेल ने रविवार को राजकोट गेम जोन दुर्घटनास्थल पर जाकर निजी तौर पर निरीक्षण किया। इस गंभीर घटना के लिये जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्यवाही के निर्देश दिये हैं। इसके बाद ही राज्य सरकार ने 6 अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया है।

इस मामले में गुजरात हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया था. हाईकोर्ट  की स्पेशल ब्रांच की बेंच ने सुनवाई करते हुए इसे मानव निर्मित आपदा बताया था. कोर्ट ने कहा था कि गेमिंग जोन के निर्माण और संचालन के लिए नियमित और उचित नियमों का पालन नहीं किया गया. इसके साथ ही कोर्ट ने कहा कि अहमदाबाद में सिंधुभवन रोड, सरदार पटेल रिंग रोड और एसजी हाईवे पर गेमिंग जोन सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा हैं. हाईकोर्ट ने अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत और राजकोट नगर निगम से स्पष्टीकरण मांगा था. कोर्ट ने कहा था कि निगम को ये बताना होगा कि कानून के किस प्रावधान के तहत इस गेमिंग जोन को संचालित करने की अनुमति दी गई थी. हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि निगम ये जानकारी एक दिन में मुहैया कराए. इसके साथ ही कोर्ट ने अग्नि सुरक्षा नियमों के अनुपालन के संबंध में भी स्पष्टीकरण मांगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *