भाजपा नेता ने तोड़ी ईवीएम मशीन, गिरफ्तार कर भेजे गये जेल
भुवनेश्वर. ओडिशा के खुर्दा में एक भाजपा उम्मीदवार को ईवीएम से तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। दरअसल, ईवीएम में खराबी की वजह से उन्हें वोट डालने में काफी देर तक लाइन में इंतजार करना पड़ा था। चिल्का के भाजपा विधायक प्रशांत जगदेव को इस बार खुर्दा विधानसभा सीट से मैदान में उतारा गया है। ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ-साथ विधानसभा का भी चुनाव हो रहा है। यह घटना शनिवार को बेगुनिया विधानसभा क्षेत्र के बोलागाड ब्लॉक के कौरीपटना में बूथ 114 पर हुई।
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार प्रशांत जगदेव अपनी पत्नी के साथ मतदान केन्द्र पर गये। लेकिन ईवीएम खराब होने की वजह से उन्हें वोट डालने के लिये कुछ देर इंतजार करना पड़ा। अधिकारियों ने कहा हैकि उनके और पीठासीन अधिकारी के बीच बहस होने लगी। इस दौरान उन्होंने ईवीएम को मेज से खींच लिया और वह गिरकर टूट गयी। एसपी अविनाश कुमार ने कहा है कि विधायक पीठासीन अधिकारी की शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। एसपी ने कहा है कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के अलावा जगदेव पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोर्ट ने प्रशांत जगदेव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया और फिलहाल वह खुर्दा जेल में बंद है।
