राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और उमा भारती पहुंची सिंधिया महल, राजमाता को दी श्रद्धांजलि
ग्वालियर. राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और मध्यप्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां और सिंधिया घराने की राजमाता माधवी राजे सिंधिया के निधन के बाद उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने रविवार को ग्वालियर पहुंचे। इस दौरान दोनों ने केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं भी व्यक्त कीं । बता दें कि राजमाता के निधन के बाद से लगातार राजनीतिक हस्तियां उन्हें श्रद्धांजलि देने ग्वालियर पहुंच रही हैं।
सिंधिया को कभी मां की कमी नहीं खलने दूंगी- उमा भारती
राजमाता माधवी राजे सिंधिया को श्रद्धांजलि देने पहुंची उमा भारती को ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनकी पत्नी प्रियदर्शनी राजे सिंधिया महल के अंदर ले गईं जहां उमा भारती ने राजमाता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित किए। उमा भारती ने अपनी शोक संवेदनाएं व्यक्त करने के बाद कहा है कि वो वैसे भी ज्योतिरादित्य सिंधिया को अपना बेटा मानती हैं और उनके प्रति स्नेह रखती हैं। इसलिए इस घड़ी में परिवार के साथ बैठने के लिए आई हूं। उमा भारती ने आगे कहा कि मैं सिंधिया को यह बताने आई हूं कि उन्हें मां का अभाव कभी खलने नहीं दूंगी।
15 मई को दिल्ली AIIMS में हुआ निधन
बता दें कि सिंधिया राजघराने राजमाता और ज्योतिरादित्य सिंधया की मां माधवी राजे सिंधिया का 15 मई की सुबह दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया था। माधवी राजे सिंधिया कई दिनों से बीमार थीं और उनका इलाज दिल्ली के एम्स में चल रहा था वहीं पर उन्होंने 70 साल की उम्र में अंतिम सांस ली थी।
