46 डिग्री तापमान में दर्शन के लिए इंतजार पड़ रहा भारी, वीआइपी दर्शन व्यवस्था का विरोध
खंडवा. रोहणी नक्षत्र में गर्मी कहर ढ़हा रही है। तीर्थनगरी में तापमान 45 से 46 डिग्री पहुंचने के बावजूद दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ रही है। ग्रीष्मकालीन अवकाश की वजह से देशभर से श्रद्धालु परिवार सहित दर्शनों के लिए आ रहे है। ऐसे में ज्योतिर्लिंग मंदिर परिसर में दर्शन के लिए चार से पांच घंटे कतार में इंतजार भारी पड़ रहा है। भीषण गर्मी में महिला, बच्चों और बुजुर्गो को अधिक परेशानी हो रही है। इसे देखते हुए लोगों द्वारा वीआइपी दर्शन व्यवस्था का समय तय करने की मांग की जा रही है। इसे लेकर रविवार को कतार में खड़े श्रद्धालुओं द्वारा वीआइपी दर्शन व्यवस्था को लेकर नारेबाजी भी की गई।
ओंकारेश्वर-ममलेश्वर महादेव के दर्शनार्थ प्रतिदिन 30 से 40 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। शनिवार और रविवार को यह आंकड़ा 50 हजार के पार हो जाता है। ज्योतिर्लिंग मंदिर की भौगोलिक संरचना की वजह से यहां भीड़ के दौरान सुचारू दर्शन चुनौती बना हुआ है। नर्मदा के तट और दूसरी ओर पहाड़ी होने की वजह से मंदिर का विस्तार नहीं हो पा रहा है।
आगामी सिंहस्थ को देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट द्वारा मंदिर के गर्भगृह में आसानी से प्रवेश और दर्शन की व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे है। इस संबंध में विभिन्न स्तर पर सर्वे करवा कर कार्ययोजना तैयार की गई है। हाऊसिंग बोर्ड द्वारा मंदिर के प्रवेश और निर्गम को चौड़ा करने के लिए तकनीकी रूप से विभिन्न पहलुओं का अध्ययन किया जा रहा है।
