मतगणना के लिए तैनात अधिकारियों ने सीखीं ईवीएम में दर्ज वोट गिनने की बारीकियाँ

ग्वालियर – संसदीय क्षेत्र में शामिल ग्वालियर जिले के सभी 6 विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की  मतगणना के लिये तैनात किए गए अधिकारियों व कर्मचारियों को मंगलवार को यहाँ जीवाजी विश्व विद्यालय के अटल सभागार  में प्रथम चरण का प्रशिक्षण दिया गया। मतगणना के लिये तैनात अमले ने ईवीएम में दर्ज मत व डाकमत पत्र गिनने की बारीकियाँ सीखीं। मतगणना अमले के साथ-साथ माइक्रो ऑब्जर्वर को भी प्रशिक्षित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान वीवीपैट की पर्चियाँ गिनने व उनका महत्व भी मतगणना अमले को बताया गया। अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार व उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार जैन  भी प्रशिक्षण के दौरान मौजूद रहे।
एक टेबल पर 03 अधिकारी तैनात किए जायेंगे। माइक्रो ऑब्जर्वर सीधे निर्वाचन प्रेक्षक को अपनी रिपोर्ट देंगे। डाकमत पत्र की टेबल पर 2 गणना सहायक, एक गणना पर्यवेक्षक, एक एआरओ व एक माइक्रो ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। 7 मई को डाले गए मतों की गिनती 4 जून को की जायेगी। मतगणना का काम इस दिन प्रात: 8 बजे से एमएलबी कॉलेज के ए ब्लॉक में शुरू होगा। ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में शामिल शिवपुरी जिले के करैरा (अ.जा.) व पोहरी विधानसभा क्षेत्र के मतों की गिनती शिवपुरी स्थित श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय में होगी।
पहले डाक मत पत्रों की गिनती शुरू होगी
राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एसबी ओझा ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के मुताबिक 4 जून को प्रात: 8 बजे डाक मत पत्रों की गिनती शुरू होगी। इसके आधा घंटे बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू की जायेगी। दोनों प्रकार के मतों की गिनती समानान्तर रूप से जारी रह सकेगी। केवल उन्हीं डाक मत पत्रों की गिनती होगी जो मतगणना शुरू होने से पहले अर्थात 4 जून को प्रात: 7:59 बजे तक प्राप्त हो जायेंगे।
वीवीपैट की पर्चियाँ गिनने की प्रक्रिया भी बताई
मतगणना अमले को बताया कि हर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र में पाँच मतदान केन्द्र के वीवीपैट की पर्चियों की गिनती अनिवार्यत: की जायेगी। यदि ईवीएम (कंट्रोल यूनिट) पर डिस्प्ले दिखाई नहीं देता है तो उस ईवीएम के वीवीपैट की पर्चियों की  गिनती होगी। यदि किसी मतदान केन्द्र पर मॉक पोल के बाद ईव्हीएम में दर्ज वोटों को क्लीयर न कर वास्तविक मतदान प्रारंभ कर दिया होगा तो ऐसी ईव्हीएम के वीवीपैट की पर्चियों की गणना होगी। लेकिन इस प्रकार के मतदान केन्द्र की वीवीपैट की पर्चियों की गणना तभी की जाएगी जब जीत-हार का अंतर मतदान केन्द्र में डाले गए मतों से कम होगा। इसके अलावा यदि अभ्यर्थी द्वारा किसी मतदान केन्द्र के वीवीपैट की पर्चियाँ गिनने की मांग की जाती है तो मांग जायज होने पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत रिटर्निंग अधिकारी द्वारा निर्णय लिया जाएगा।
विधानसभा क्षेत्रवार इतने गणना चक्र होंगे
ग्वालियर जिले के विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण, ग्वालियर दक्षिण व डबरा में 13-13 चक्र में मतगणना पूरी होगी। विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर में 15 चक्र, ग्वालियर पूर्व में 16 व भितरवार में 17 चक्रों में गिनती पूर्ण होगी। ग्वालियर संसदीय क्षेत्र में शामिल शिवपुरी जिले के विधानसभा क्षेत्र करैरा में 20 गणना चक्र व पोहरी में 19 गणना चक्र होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *