MP में अभी और बढ़ेगी लू, ग्वालियर-चंबल समेत इन जिलों में अलर्ट

भोपाल. वातावरण में कुछ नमी रहने के कारण आंशिक बादल बने रहने और कहीं-कहीं हल्की वर्षा होने के बाद भी प्रदेश में गर्मी के तेवर तीखे बने हुए हैं। इसी क्रम में मंगलवार को प्रदेश में सबसे अधिक 45.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रतलाम में दर्ज किया गया। यहां तीव्र लू चली। 12 शहरों में अधिकतम तापमान 44 से 45.6 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। दतिया, ग्वालियर, गुना, छतरपुर भी लू की चपेट में रहे। राजधानी में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान रहा।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बुधवार से गर्मी के तेवर और तीखे होने की संभावना है। हालांकि भोपाल, नर्मदापुरम एवं जबलपुर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ हल्की वर्षा होने की भी संमावना है। मौसम विज्ञानी प्रकाश ढवले ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ द्रोणिका के रूप में पाकिस्तान और उससे लगे जम्मू काश्मीर पर है।
गर्मी के तेवर तीखे होने की संभावना
हरियाणा पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर मराठवाड़ा तक उत्तर-दक्षिणी द्रोणिका बनी हुई है, जो पश्चिमी मध्य प्रदेश से होकर जा रही है। इस मौसम प्रणाली के असर से मिल रही नमी के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में वर्षा होने की संभावना बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि ग्वालियर, चंबल, सागर संभाग के जिलों में लू की स्थिति बने रहने के आसार हैं। बुधवार से शेष संभागों के जिलों में भी गर्मी के तेवर धीरे-धीरे तीखे होने की संभावना है। दो दिन बाद कुछ और शहरों में भी लू चल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *