MP में 24 घंटे खुलेंगे माल, रेस्टोरेंट उद्योग व प्रमुख बाजार, अर्थव्यवस्था को गति देगी सरकार

भोपाल. मध्य प्रदेश में अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए सरकार 24 घंटे उद्योग, माल, रेस्टोरेंट और प्रमुख बाजारों को खोलने का निर्णय करने जा रही है। इसके लिए श्रम विभाग ने दुकान स्थापना नियम में संशोधन का प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे लोकसभा चुनाव की आचार संहिता समाप्त होने के बाद अंतिम निर्णय के लिए कैबिनेट में प्रस्तुत किया जाएगा।
विभागीय अधिकारियों ने बताया कि श्रम कानूनों में संशोधन करके उन्हें सरल किया गया है। कई क्षेत्र ऐसे हैं, जहां 24 घंटे काम होता है। कुछ नियम को सरल करने से न केवल व्यवस्था बेहतर हो सकती है, बल्कि अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। महाराष्ट्र, कर्नाटक, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत अन्य राज्यों में माल और रेस्टोरेंट 24 घंटे खुले रहते हैं।
इसे देखते हुए प्रदेश में भी माल, रेस्टोरेंट, सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र समेत उद्योगों को 24 घंटे खोलने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस संबंध में श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल की मुख्यमंत्री डा.मोहन यादव के साथ प्रारंभिक चर्चा भी हो चुकी है। चूंकि, प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति ठीक है, इसलिए इस प्रस्ताव पर विभाग आगे बढ़ रहा है और औद्योगिक संगठनों से भी चर्चा हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *