ग्वालियर-चंबल में ‘लू’ से झुलसे लोग

ग्वालियर. रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक 47.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दतिया में दर्ज किया गया। दतिया में तीव्र लू चली। इसके अलावा ग्वालियर, गुना, छतरपुर, धार एवं रतलाम में भी लू चली। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो शहर में इस सीजन का सबसे अधिक तापमान भी रहा। प्रदेश के 17 शहरों में दिन का तापमान 43 से 47.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
गर्मी के तेवर तीखे
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक गर्मी के तेवर अभी और तीखे होने के आसार हैं। सोमवार को भोपाल, नर्मदापुरम, जबलपुर संभाग के जिलों में आंशिक बादल बने रह सकते हैं। बैतूल, छिंदवाड़ा, मंडला, बालाघाट, सिवनी में गरज-चमक के साथ वर्षा हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे लगे उत्तरी पाकिस्तान पर हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है।
उसके साथ एक द्रोणिका भी संबद्ध है। पूर्वी उत्तर प्रदेश से लेकर मध्य महाराष्ट्र तक एक द्रोणिका बनी हुई है, जो मध्य प्रदेश से होकर जा रही है। उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। मराठवाड़ा पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात है। इस चक्रवात से लेकर तमिलनाडु तक एक द्रोणिका बनी हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि अलग-अलग स्थानों पर बनी इन मौसम प्रणालियों के असर से कुछ नमी आने के कारण कहीं-कहीं आंशिक बादल बने हैं। साथ ही जबलपुर, नर्मदापुरम संभाग के जिलों में गरज-चमक की स्थिति बन रही है। हालांकि शेष संभाग के जिलों में गर्मी के तेवर लगातार तीखे हो रहे हैं। विशेषकर ग्वालियर, चंबल, सागर, भोपाल, उज्जैन संभाग के जिलों में लू की स्थिति बनी रह सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *