क्रेन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां माधवीराजे सिंधिया का निधन

1966 में माधवराव सिंधिया के साथ राजमाता माधवी राजे सिंधिया का विवाह हुआ था।ग्वालियर. पूर्व केन्द्रीय मंत्री माधवराव सिंधिया की धर्मपत्नी माधवीराजे सिंधिया पिछले काफी दिनों बीमार थी बुधवार की सुबह लगभग 10.30 बजे अंतिम सांस ली। उनके पार्थिव शरीर को विशेष प्लेन से ग्वालियर लाया जा रहा है। उनका छत्री में अंतिम संस्कार किया जायेगा।

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की मां राजमाता माधवी राजे सिंधिया का निधन हो गया है। वे 70 साल की थीं। पिछले तीन महीने से बीमार होने से दिल्ली एम्स में भर्ती थीं। यहां उन्होंने अंतिम सांस ली।राजमाता माधवी राजे मूलत: नेपाल की रहने वाली थीं। वे नेपाल राजघराने से संबंध रखती थीं। उनके दादा जुद्ध शमशेर बहादुर नेपाल के प्रधानमंत्री थे। राणा वंश के मुखिया भी रहे थे। 1966 में माधवराव सिंधिया के साथ उनका विवाह हुआ था।

ज्योतिरादित्य के भाजपा में जाने के फैसले में दिया था साथ

मार्च 2020 में जब सिंधिया राजघराने के मुखिया ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने का निर्णय लिया था, तो उस समय पूरा परिवार उनके साथ था। बेटा और पत्नी तो उनके फैसले में साथ थे ही, पर सबसे ज्यादा सपोर्ट उनकी मां माधवी राजे सिंधिया ने किया था।ज्योतिरादित्य कांग्रेस में पिता की विरासत छोड़कर जाने में संकोच कर रहे थे, लेकिन माधवी राजे ने मार्गदर्शक बनकर राह दिखाई थी। इसके बाद ही ज्योतिरादित्य ने इतना बड़ा फैसला लेकर अपनी दादी विजयाराजे सिंधिया की तरह बड़ा कदम उठाया था।

बारात के लिए चलाई थी स्पेशल ट्रेन
उस दौरान तय हुआ की विवाह दिल्ली से सम्पन्न होगा। ऐसे में बारात ले जाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए। ग्वालियर से दिल्ली के बीच विशेष ट्रेन चलाई गई। जिससे ग्वालियर के महाराज माधवराव सिंधिया अपनी बारात लेकर गए थे। 8 मई 1966 को परंपरागत रूप से शादी संपन्न हुई थी और किरण राज लक्ष्मी विवाह पश्चात सिंधिया घराने की बहू और सिंधिया राजवंश की रानी बनकर ग्वालियर आ गईं।

ग्वालियर आने पर हुआ था भव्य स्वागत
शहर के कुछ चुनिंदा लोग बताते है कि 8 मई 1966 को ग्वालियर के महाराज माधवराव सिंधिया की शादी नेपाल की राजकुमारी से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद जब पहली बार सिंधिया राज घराने की बहू पहली बार ग्वालियर आई थीं, तो ग्वालियर में उनका भव्य स्वागत हुआ था। महल की ओर जाने वाले हर रास्ते पर फूल बिछाए गए थे। उसके बाद कभी किसी बहू रानी का इतना जोशिला स्वागत नहीं हुआ है।

मां-बेटे के बीच में सेतु थीं माधवी राजे
माधव राव सिंधिया और उनकी माता विजयाराजे सिंधिया के बीच कई सालों तक संबंध ठीक नहीं थे। यहां तक की एक बार राजमाता विजयाराजे ने माधवराव को उनके अंतिम संस्कार में शामिल न होने के लिए भी कहा था पर साल 2001 में विजयाराजे के निधन पर माधवराव ने ही उनको मुखाग्नि दी थी। मां (विजयाराजे) और बेटे (माधवराव) के बीच माधव राजे एक सेतु का काम करती थीं। वियजाराजे सिंधिया, बेटे माधवराव सिंधिया से चाहें जितनी भी नाराज हों मतभेद हों, लेकिन बहू और सास के बीच कभी कोई मतभेद नहीं पनपा। माधवी राजे ने हमेशा दोनों के बीच एक सेतु के रूप में काम किया था।

खबर का अपडेट जारी है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *