चौथे चरण की वोटिंग से पहले चुनाव आयोग की प्रेस कॉन्फ्रेंस,, जानें मतदान पर अहम अपडेट
भोपाल. मध्य प्रदेश में चौथे और अंतिम चरण के मतदान की तैयारियों संबंध में जानकारी देते हुए मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने राजधानी भोपाल में प्रेस वार्ता आयोजित की। इस दौरान उन्होंने बताया कि अचार संहिता लगने के बाद से अब तक एसएसटी समेत अन्य कार्रवाई के दौरान 296.44 करोड की अवैध सामग्री जब्त की गई है। इसमें 23.04 करोड रुपए कैश, 46.89 करोड की अवैध शराब, 15.15 करोड का सोना, 36.64 करोड का मादक पदार्थ जब्त किया गया है। अन्य सामग्रियां भी है जिनकी कीमत 174.72 करोड है। उन्होंने कहा कि पिछली बार इंदौर में सबसे कम मतदान हुआ था। इस बार यहीं बडी चुनौती है।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने आगे बताया कि 18 हजार सात मतदान केंद्र है। इस बार कई मतदान केंद्र के बाहर भी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। बुजुर्ग मतदाता, गर्भवती, विकलांग मतदाताओं के लिए वॉलेंटियर की व्यवस्था की गई है। मतदान केंद्र के अंदर मोबाइल का उपयोग प्रतिबंधित है साथ ही 100 मीटर के दायरे में प्रचार-प्रसार प्रतिबंधित है।
प्रदेश का सबसे बड़ा लोकसभा क्षेत्र इंदौर, सबसे छोटा उज्जैन
अनुपम राजन के अनुसार, वोटरों के मामले में इंदौर सबसे बड़ा लोकसभा क्षेत्र है। यहां 25 लाख 26 हजार 803 वोटर हैं। सबसे छोटा उज्जैन लोकसभा क्षेत्र है, जहां 17 लाख 98 हजार 704 मतदाता हैं। 2019 में मध्य प्रदेश का वोटिंग फीसदी 71.16 पर रहा था।
किस चरण में कितने प्रतिशत मतदान हुआ
पहला चरण – 67.75 प्रतिशत
दूसरा चरण – 58.59
तीसरा चरण – 66.75
औसत – 64.76
