ग्वालियर में मतदान के लिए उत्साह, पोलिंग बूथों पर लाइन भी लगी
ग्वालियर. ग्वालियर में सुबह से ही मतदान को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि सुबह मतदान शुरू होने से ही पोलिंग बूथों पर लाइन लगी है। एक दो ही पोलिंग बूथों पर मतदाता कम आ रहे है। हालांकि कुछ मतदान केंद्रों पर इवीएम के खराब होने से कुछ देर मतदान प्रभावित भी हुआ है। ग्वालियर पूर्व से विधायक सतीश सिकरवार व उनकी पत्नी महापौर शोभा सिकरवार ने भी मतदान किया।
भाजपा प्रत्याशी भारत सिंह ने किया मतदान
ग्वालियर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के प्रत्याशी भारत सिंह कुशवाह ने अपने गांव दांगियापुरा में सुबह मतदान किया। इस दौरान उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक मतदान करने की अपील भी की।
न्यायमूर्ति पाठक ने किया मतदान
माननीय न्यायमूर्ति आनंद पाठक ने सपत्नीक किया मतदान । उन्होंने केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक-1 में बने मतदान केन्द्र क्रमांक-124 पहुँचकर अपने मताधिकार का उपयोग किया।
कलेक्टर ने किया मतदान
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत केन्द्रीय विद्यालय क्रमांक- 1 में बने मतदान केन्द्र क्रमांक 124 पर पहुंचकर अपने मताधिकार का उपयोग किया। उन्होंने जिले के मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना वोट डालकर संविधान प्रदत्त अधिकार का उपयोग अवश्य करें।
