रेलवे स्टेशन पर हादसा, बगैर इंजन के 250 मीटर दौड़ गई मालगाड़ी, पांच डिब्बे पटरी से उतरे
खंडवा. खंडवा रेलवे स्टेशन पर सुबह 8.15 बजे खंडवा-इटारसी ट्रैक पर मालगाडी के पांच डिब्बे इंजन से अलग होने के बाद पटरी से उतर गए। ट्रैक पर पीछे की ओर करीब 250 मीटर तक लुढकने के दौरान डिब्बे ओएचई लाइन के पोल से टकरा गए जिससे कई पोल क्षतिग्रस्त हो गए। इससे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इस घटना के कारण इटारसी-मुंबई मार्ग की कई गाडियों की आवाजाही पर असर पडा है।
इस हादसे से दिल्ली- मुंबई ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। रेलवे का अमला सुधार कार्य में जुट गया है। भुसावल से तकनीकी कर्मचारियों की टीम और वरिष्ठ अधिकारी खंडवा के लिए रवाना हो गए है। फिलहाल स्टेशन के डाउन साइड पर एक नंबर और छह नंबर प्लेटफार्म पर यातायात बाधित हो गया। मालगाड़ी के पांच डिब्बे पटरी से उतरने के बाद रेलवे की टीम द्वारा ओएचइ लाइन की मरमत कर अस्थाई रूप से यात्री ट्रेनों की आवाजाही शुरू कर दी गई है । हादसे की वजह से करीब एक घंटे तक ट्रेनों की अप ट्रैक पर आवाजाही प्रभावित रही। बेपटरी हुई मालगाड़ी ट्रैक मेंटेनेंस कार्य के लिए गिट्टी भरने के लिए वेयर हाउस से पास इटारसी एंड के ट्रैक पर खड़ी थी। यहां से मालगाड़ी रोल होने की वजह का पता लगाने का प्रयास व जांच शुरू हो गई है।
