भूकंप से हिली धरती, घबराकर घरों से बाहर निकले लोग
जगदलपुर. शहर के पूर्वी क्षेत्र सहित ग्रामीण इलाके आडावाल, सेमरा में देर शाम भूकंप के झटके महसूस किए गए। लगभग 7.45 बजे जोरदार धमाके की आवाज के साथ जमीन हिल गई। तीन से चार सेकंड तक भूकंप सक्रिय रहा। लोग डर से घरों से बारह निकल आए थे। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने घटना की जानकारी दी और बताया कि तीन से चार सेकंड तक जमीन और मकान हिलते रहे। घटना से नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिल पाई थी।
भूकंप की जानकारी के लिए भारत मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा से फोन पर संपर्क करने उन्होंने बताया कि उन्हें भी बस्तर क्षेत्र में भूकंप की सूचना मिली है। विस्तृत जानकारी के लिए दिल्ली मुख्यालय से संपर्क किया गया है। रिएक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता कितनी थी यह स्पष्ट नहीं हो पाया था।
आड़ावाल निवासी किशोर ने बताया कि तेज धमाके की आवाज सुनकर ऐसा लगा जैसे कोई विस्फोट हुआ हो। सभी लोग घर के बाहर की ओर भागे। बाहर आकर देखा और आसपास के और भी परिवार घराें से बाहर निकलकर भाग रहे थे। सत्यप्रकाश सामल ने बताया कि ऐसा महसूस हुआ की इमारत हिल रही हो। रात का समय था इसलिए नजारा बहुल स्पष्ट नहीं दिखाई दिया।
