झांसी-इटावा एक्सप्रेस के इंजन में फंसा युवक
ग्वालियर. रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के इंजन के नीचे फंसे युवक का वीडियो सामने आया है। 19 सेकेण्ड के इस वीडियो में वह जिन्दगी की आस में लोगों की ओर निहार रहा है। युवक आत्महत्या करने के इरादे से झांसी-इटावा एक्सप्रेस के आगे कूदा था। उसे देखते ही ट्रेन के लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगा दिया। घटना में युवक के दोनों पंजे कट गये। आरपीएफ, जीआरपी और कुलियों ने उसे बाहर निकाला। स्टेशन की एम्बूलेंस खराब थी। ऐसे में सवा घंटे तक प्लेटफार्म पर तड़पता रहा।

रोजगार नहीं होने पर जान देने का प्रयास
राकेश शाक्यवार (25) भिंड का रहने वाला है। मंगलवार शाम 7.22 बजे झांसी-इटावा लिंक एक्सप्रेस ग्वालियर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर आ रही थी। राकेश दौड़कर आया और ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। डिप्टी एसएस अखिलेश तिवारी, आरपीएफ के सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह राजावत और जीआरपी टीम मौके पर पहुंची।शाम 7.22 बजे 108 एम्बुलेंस को कॉल किया, लेकिन 1.20 घंटे बाद 108 एम्बुलेंस पहुंची। घायल को एम्बुलेंस ने जेएएच में भर्ती कराया। पता चला है कि युवक के पास कोई काम नहीं है। वह रोजगार की तलाश में है। गृह क्लेश से भी तंग है। इसी से हताश होकर उसने जान देने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि युवक के पूरी तरह होश में आने पर उससे पूछताछ की जाएगी।
