ग्वालियर किले पर ऐतिहासिक स्मारक संवरेंगे, पर्यटकों को मिलेंगी सुविधाएं
ग्वालियर. केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के अंतर्गत ग्वालियर में लगभग 70 करोड़ रुपए की राशि से विकास कार्य कराए जाने हैं। इसके पहले चरण में लगभग 17 करोड़ रुपए की लागत से फूलबाग क्षेत्र में विकास कार्य कराए जाएंगे, जिसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार हो चुकी है और आचार संहिता के बाद विकास कार्य शुरू कराने के लिए टेंडर किए जाएंगे। इसी योजना के दूसरे चरण में ग्वालियर किले को भी शामिल किया गया है और अब इसकी डीपीआर पर भी काम शुरू कराया गया है। इसके अंतर्गत किले पर मौजूद ऐतिहासिक स्मारकों को संवारने के साथ ही पर्यटकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
ग्वालियर दुर्ग पर कई ऐतिहासिक स्मारक मौजूद हैं। इनमें से कुछ भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) और कुछ राज्य पुरातत्व एवं संग्रहालय के अंतर्गत आते हैं। इस योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा बजट उपलब्ध कराया जाता है, जबकि विकास कार्य राज्य के पर्यटन विभाग द्वारा कराए जाएंगे। ऐसे में इन स्मारकों को संवारने की दिशा में भी काम किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत उरवाई गेट के क्षेत्र को शामिल किया जाएगा। उरवाई गेट से प्रवेश करते समय बाएं हाथ पर पूर्व में नगर निगम ने पार्क तैयार किया था। यहां और सुंदरीकरण की संभावनाएं देखी जाएंगी। इसके अलावा मानसिंह पैलेस, गूजरी महल, सहस्रबाहु मंदिर सहित अन्य स्थानों पर भी पर्यटन सुविधाएं बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा। जहां-जहां संरक्षित स्मारकों से अलग शासकीय जमीन होगी, वहां-वहां शौचालयों से लेकर कैफेटेरिया सहित अन्य सुविधाएं देने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा किले पर पैदल जाने वाले पर्यटकों के लिए ई-व्हीकल की संभावनाएं भी देखी जा रही हैं। इसकी संभावनाएं इसलिए भी ज्यादा हैं, क्योंकि पहले चरण में फूलबाग क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यों में विंटेज ई-कार चलाने का प्रविधान किया गया है। चूंकि किले पर दूर-दूर स्मारक हैं, इसलिए यहां भी ई-व्हीकल का प्रविधान किया जाएगा।
