MP में पहले चरण में 06 सीटों पर मतदान कल, निर्वाचन आयोग की तैयारियां चाकचौबंद
भोपाल. लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मप्र की 6 सीटों पर शुक्रवार, 19 अप्रैल यानी कल मतदान होगा। इससे पहले निर्वाचन आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरी तैयारियां कर ली है। इस संदर्भ में आज प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि पहले चरण मे जिन 6 सीटों पर कल मतदान होने जा रहा है उनमें 88 अभ्यर्थी मैदान में है। इनमें 7 महिलाएं है और सबसे ज्यादा प्रत्याशी 19 जबलपुर में है। शहडोल में सबसे कम 10 प्रत्याशी है। मतदान सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा। बालाघाट की तीन विधानसभा बैहर, लांची और परसवाडा में मतदान 4 बजे तक होगा।
सघन निगरानी में होगा मतदान
उन्होंने बताया कि स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण मतदान के लिए पूरी तैयारी है। लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण में कुल 13588 मतदान केंद्रों में से 8059 केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था है। कई केंद्रों के अंदर और बाहर दोनों जगह कैमरे लगाए गए है। पहले चरण के लिए 13588 मतदान केंद्रों में 18 सहायक मतदान केंद्र शामिल है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों पर छाया, पानी और मेडिकल किट की व्यवस्था की गई है। एक एयर एम्बुलेंस जबलपुर व हेलिकॉप्टर बालाघाट में रहेगा। कोई भी नागरिक, जिसका नाम मतदाता सूची में है तो वह वोटर आईडी कार्ड के अतिरिक्त अन्य 12 प्रकार के वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से भी मतदान कर सकता है।
