3.4 करोड़ रूपये के शेयर ठगने वाले दंपत्ति कर्नाटक से गिरफ्तार
ग्वालियर. 3.4 करोड़ रूपये के शेयर छलपूर्वक ठग लेने वाले शेयर ट्रेडिंग कंपनी के एमडी व उसकी पत्नी को कर्नाटक के बैंगलुरू से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने ग्वालियर के व्यापारी के शेयर खुर्दबुर्द कर दिये थे। घटना अप्रैल 2021 की है। इसके बाद वर्ष 2022 में क्राइम ब्रांच ने इस मामले में शेयर ठगने पर एफआईआर दर्ज की थी।
इसी मामले में 10 अप्रैल को क्राइम ब्रांच ने कर्नाटक के बैंगलुरू में सननेम कैपिटल्स प्रायवेट लिमिटेड कंपनी के एमडी एसपी श्रीशा और उसकी पत्नी पदम ज्योति श्रीशा को गिरफ्तार किया था। वहां से ट्रांजिट रिमांड पर दंपत्ति को लेकर पुलिस शनिवार को ग्वालियर पहुंची है। यहां दोनों को कोर्ट में पेश कर रिमांड ली है। यहािं आपको बता दें कि आरोपी बेंगलुरू में 17 करोड रूपये के शेयर ठगी के मामले में 6 माह जेल में रह चुका है। फिलहाल पुलिस को वह शेयर होल्ड होने की कहानी सुना रहा है।
ऐसे समझिये क्या है मामला
ग्वालियर निवासी नरेन्द्र सिंह फालके के पास 16 अप्रैल 2021 से पहले ITC कंपनी के 79500 शेयर थे। उस समय शेयर की कीमत 1 करोड़ 65 लाख 38 हजार रुपए थी। पर सननेस कैपिटल्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी ने नरेन्द्र फालके की बिना अनुमति के ITC के 79,500 शेयरों को छलपूर्वक एवं धोखाधड़ी से अवैध लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से बेच दिया था। जिनकी आज के समय में कीमत 3 करोड़ 40 लाख रुपए है। इस शिकायत पर क्राइम ब्रांच मे मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। एएसपी अपराध आयुष गुप्ता एवं डीएसपी अपराध नागेन्द्र सिंह सिकरवार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अपराध अजय पंवार नेे क्राइम ब्रांच की टीम को पड़ताल में लगाया। जांच की तो पता चला कि सननेस कैपिटल इण्डिया प्राइवेट लिमिटेड के एमडी एसपी श्रीशा एवं उनकी पत्नी पदमज्योति श्रीशा द्वारा नरेन्द्र सिंह फालके की अनुमति के बिना आईटीसी के शेयरों को बेच दिया। इस पर क्राइम ब्रांच की टीम को कर्नाटक रवान किया गया। जहां से पुलिस ने सननेस कैपिटल के एमडी एसपी श्रीशा एवं उनकी पत्नी पदमज्योति श्रीशा को गिरफ्तार किया। शनिवार को क्राइम ब्रांच की टीम उनको लेकर ग्वालियर पहुंची है। फिलहाल दोनों से पूछताछ की जा रही है।
17 करोड़ रूपये की ठगी में पहले भी जेल चुका है
स्ननेस कैपिटल्स इंडिया प्रायवेट लिमिटेड के एमडी और उनकी पत्नी कितने शातिर है इसका अंदाजा पुलिस को वहां पहुंचकर ही लगा है। 8 दिन की फील्डिंग लगाने के बाद वह पुलिस के हाथ आये हैं। उसके बाद पुलिस को पता चला कि यह दोनों इसी तरह के 17 करोड रूपये के शेयर की गड़बड़ी पहले भी कर चुके हैं। जिसके चलते बैंगलुरू में वह 6 माह की जेल भी जा चुके है। कुछ माह पूर्व ही वह जमानत पर जेल से बाहर आये थे।
