व्यय प्रेक्षक सुश्री सुमिथा ने जानीं चुनावी खर्चे की निगरानी कर रहे प्रकोष्ठों की गतिविधियाँ
संदेहास्पद लेनदेन, अवैध मदिरा, टोकनों के बदले उपहार इत्यादि पर पैनी नजर रखने पर दिया जोर
ग्वालियर – भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जिले में लोकसभा चुनाव के दौरान राजनैतिक दलों व प्रत्याशियों के खर्च पर निगरानी रखने के लिए नियुक्त व्यय प्रेक्षक सुश्री पी. सुमिथा ने शनिवार को क्रॉस फंक्शनल प्रक्रिया से जुड़े विभागों व व्यय प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारियों की बैठक ली। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने दो अलग-अलग बैठकों के माध्यम से निर्वाचन व्यय प्रेक्षक को क्रॉस इंफोर्समेंट विभागों सहित एफएसटी, एसएसटी, व्हीएसटी व वीवीटी द्वारा अब तक की गई कार्रवाई के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही इन सभी के कार्य करने की प्रक्रिया भी बताई।
यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने जानकारी दी कि कोई भी राजनैतिक दल व प्रत्याशी चुनावी खर्चा छुपा न पाए इसके लिये व्यय प्रकोष्ठ पूरी तरह मुस्तैद होकर काम कर रहा है। निर्वाचन आयोग के दिशा निर्देशों के तहत गठित इन प्रकोष्ठों के जरिए चुनाव प्रचार पर पैनी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा चुनाव प्रचार पर खर्च की गई पाई-पाई का हिसाब संबंधित प्रत्याशी के खाते में जोड़ा जायेगा।
निष्पक्ष चुनाव की सबसे बड़ी जिम्मेदारी
निर्वाचन व्यय प्रेक्षक सुश्री पी. सुमिथा ने कहा कि निर्वाचन व्यय प्रकोष्ठ व उससे जुड़ी टीमों पर निर्वाचन को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी होती है। प्रत्याशियों द्वारा चुनावी प्रचार पर किए जाने वाले खर्चे की पाई – पाई जोड़ी जाए। उन्होंने आयकर, नार्कोटिक्स, आबकारी, पुलिस, आरपीएफ, जीएसटी, वाणिज्य एवं क्रॉस फंक्शनल प्रक्रिया से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों से एक – एक कर चर्चा कर अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी ली। व्यय निगरानी दल के रूप में 18 उड़नदस्ता (एफएसटी), 22 स्टेटिक सर्विलिएन्स टीम (एसएसटी), 18 वीडियो सर्विलिएन्स टीम (व्हीएसटी) व 6 वीडियो व्यूविंग टीम (वीवीटी) तैनात की गईं हैं। जिले में चुनाव प्रचार के व्यय का हिसाब किताब रखने के लिये 7 लेखा टीम, 7 डिस्ट्रिक्ट एसी कंट्रोल रूम व एक डिस्ट्रिक्ट ग्रिविएन्स कमेटी व एक एमसीएमसी गठित की गई है। साथ ही जिला स्तरीय व्यय निगरानी सेल गठित किया गया है।
