रोप-वे प्रोजेक्ट नहीं बन पाने के पीछे कौन, सब जानते है-सांसद विवेक शेजवलकर
ग्वालियर. क्षेत्रीय सांसद विवेक शेजवलकर ने बुधवार को अपने 5 वर्ष के कार्यकाल का ब्यौरा पत्रकारों से चर्चा करते हुए सामने रखा। महापौर से लेकर सांसदी की कार्यकाल में रोप-वे का प्रोजेक्ट ग्वालियर में पूरा नहीं हो पाने के सवाल के जवाब में बताया है कि आप सब जानते है कि इसका जिम्मेदार कौन है। इस मामले की जांच होना चाहियेकि इसमें कौन अधिकारी दोषी है। वहीं इस बार लोकसभा चुनाव में टिकट न मिलने के सवाल को सांसद टाल गये और कहा कि रांग नम्बर डायल कर रहे हैं।
सांसद ने अपने कार्यकाल के दौरान विभिन्न योजनाओं व उपलब्धियों को सामने रखा। सांसद ने बताया कि पेयजल की परेशानी को दूर करने के लिए उन्होंने 375 करोड़ रुपये की चंबल परियोजना के साथ रेलवे स्टेशन का 575 की करोड़ रुपये की लागत से आधुनिकीकरण का प्रोजेक्ट बड़ी उपलब्धि है। इसके साथ 200 करोड़ रुपये की लागत से खेल गांव का निर्माण करने, अंतरराज्यीय बस स्टैंड जैसी योजनाएं भी रहीं। सांसद ने बताया कि सांसद के रूप में वे संसद की कार्यवाही में सदैव मौजूद रहे और समस्यायों को उन्होंने समुचित तरीके से सदन में उठाया। सड़क सुविधाओं के लिये करीब 26 करोड़, एम्बुलेंस, डबरा में डायलिसिस मशीन सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं के लिये करीब तीन करोड़, टैंकर व पेयजल सुविधा के लिए करीब दो करोड़, लखेश्वरी व दूधखो तीर्थ क्षेत्र मार्ग सहित अन्य स्थानों पर विद्युतीकरण हेतु एक करोड़ 50 लाख रुपये सहित विभिन्न योजनाएं रहीं।
