ग्वालियर में तहसीलदार पर सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप, समाज सेवी महिला ने भी की शिकायत
ग्वालियर. शहर के सिटी सेंटर तहसील के तहसीलदार पर महिला कर्मचारियों से सेक्सुअल हैरेसमेंट का आरोप लगा है। सिटी सेंटर तहसील ऑफिस में पदस्थ एक महिला कर्मचारी ने तो परेशान होकर अपना ऑफिस तक बदलवा लिया है। महिला कर्मचारी इतना डरी हुई थी कि उसने ADM ग्वालियर को यह कहते हुए शिकायत की थी कि मेरा कहीं भी तबादला कर दो बस यहां से हटा दो। वहीं एक अन्य महिला समाज सेवी ने भी तहसीलदार पर आरोप लगाया।
समाजसेवी ने महिला कर्मचारी का जिक्र कर शिकायत की
ग्वालियर कलेक्ट्रेट में कुछ दिन पहले समाजसेवी महिला ने तहसीलदार के खिलाफ शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि तहसीलदार ने कार्यस्थल पर साथी चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी का सेक्सुअल हैरेसमेंट किया था। परेशान होकर महिला कर्मचारी ने ADM अंजू अरुण को आवेदन देकर निवेदन किया था कि उसे सिटी सेंटर ऑफिस से हटाकर कहीं भी पदस्थ किया जाए। इस पर उस महिला कर्मचारी को अन्य तहसील भेज दिया गया।शिकायत करने वाली समाजसेवी महिला ने यह भी लिखा है कि तहसीलदार का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है। वह महिलाओं से ऐसा ही व्यवहार करते हैं। इसके संबंध में ऑफिस में काम करने वाली दूसरी महिलाओं से भी बातचीत की जा सकती है।
किलागेट पर एक मकान का भी जिक्र
शिकायतकर्ता ने तहसीलदार पर यह भी आरोप लगाए हैं कि वह अपने गलत काम के लिए किलागेट पर एक मकान का उपयोग करते हैं। जिसे उन्होंने किराए पर ले रखा है। इसकी जानकारी उनके वाहन के चालक को भी है। उससे भी बात की जा सकती है। पहले भी यह किसी मामले में निलंबित हो चुके हैं।

रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई करेंगे
ADM अंजू अरुण का कहना है कि शिकायत आई थी। जिसको गंभीरता से लेते हुए जांच स्थानीय परिवाद समिति को सौंप दी गई है। समिति को 90 दिन में जांच पूरी कर रिपोर्ट देनी होगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई निर्भर करती है।
मुझे जानकारी नहीं
इस मामले में जब तहसीलदार शत्रुघन सिंह चौहान से बात की गई तो उनका कहना था कि उनको इस बात की जानकारी नहीं है। न ही वह कोई बात करना चाहते हैं।
