गृहमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को आतंकियों के कब्जे से मुक्त कराने बदले 5 आतंकी किये गये रिहा
नई दिल्ली. 1989 की बात है। वीपी सिंह को पीएम बने अभी 6 दिन हुए थे। उन्होंने अपनी सरकार में पहली बार एक मुस्लिम नेता मुफ्ती मोहम्मद सईद को गृहमंत्री बनाया गया था। 8 दिसम्बर की दोपहर 3.45 बजे राजधानी दिल्ली के नॉर्थ ब्लॉक में मुफ्ती अपने कार्यकाल की पहली बैठक कर रहे थे। ठीक इसी समय दिल्ली से लगभग 800 किमी दूर श्रीनगर में उनकी उनकी बेटी रूबैया सईद अपनी ड्यूटी के बाद हॉस्पिटल से घर जाने के लिये निकली थी। रूबैया एमबीबीएस करने के बाद इस हॉस्पिटल में इंटर्नशिप कर रही थी।
हॉस्पिटल से निकलकर रूबैया जेकेएफ 677 नम्बर वाली एक ट्रांजिट वैन में सवार हुई। यह बैन लाल लौक से श्रीनगर के बाहरी इलाके नौगाम की ओर जा रही थी। रूबैया जैसे ही चानपुरा चौक के पास पहुंची, वैन में सवार 3 अन्य लोगों ने गनपॉइंट पर वैन को रोक लिया। उन लोगों ने रूबैया सईद को वैन से नीचे उतार कर सड़क के दूसरी ओर खड़ी नीले रंग की मारूति कार में बैठा लिया और उसके बाद वह मारूति कार कहां गयी, किसी को नहीं पता।
2 घंटे बाद यानी शाम लगभग 6 बजे जेएकएलएफ के जावेद मीर ने एक स्थानीय अखवार को फोन करके जानकारी दी कि हमने भारत के गृहमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद की बेटी रूबैया सईद का अपहरण कर लिया है। जेकेएलएफ की ओर से रूबैया को छोड़ने के बदले 20 आतंकियों को छोड़ने की मांग की गयी।
13 दिसम्बर की दोपहर यानी कि 5 दिन तक सरकार और अपहरणकत्ता्रओं के बीच बातचीत चलती रहीं। आखिरकार सरकार ने 5 आतंकियों को मुक्त कर दिया और बदले में कुछ ही घंटे के बाद करीब 7.30 बजे रूबैया को सोनवर में मध्यस्थ जस्टिस मोतीलाल भट्ट के घर सुरक्षित पहुंचा दिया गया।

अनंतनाग के रसूखदार पीर परिवार में पैदा हुए मुफ्ती
मुफ्ती मोहम्मद सईद का जन्म 1936 में श्रीनगर से 40 किलोमीटर दूर अनंतनाग जिले के बिजबेहरा शहर में हुआ था। वे सूफी मजारों और मस्जिदों की निगरानी करने वाले रसूखदार पीरों के परिवार से ताल्लुक रखते थे। गैर कश्मीरी उन्हें अक्सर ‘कश्मीर के मुसलमान ब्राह्मण’ भी कहकर पुकारते थे। उनके पिता का नाम मुफ्ती जी. मोहम्मद था, जो अनंतनाग के बिजबेहरा में ही मौलाना थे।
पत्रकार प्रवीण दोंती ‘द कारवां’ मैगजीन में लिखते हैं कि सईद के दोस्त मकबूल अहमद नदीम ने उन्हें बताया कि स्कूल में एक बार साप्ताहिक बैठक में जब शिक्षक ने सभी छात्रों से पूछा कि वह भविष्य में क्या बनना चाहते हैं तो मुफ्ती ने कहा था कि वह एक नेता बनना चाहते हैं। वह अपने स्कूल फेडरेशन के अध्यक्ष भी बने।
‘मुल्ला की औलाद कांग्रेस का लीडर बना फिरता है’
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी से कानून की डिग्री और अरब इतिहास में मास्टर डिग्री करने के बाद मुफ्ती अनंतनाग लौट आए और डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में वकालत शुरू कर दी।
उस दौर में जम्मू-कश्मीर में शेख अब्दुल्ला की नेशनल कॉन्फ्रेंस का दबदबा था। वामपंथी विचारधारा के कुछ नेताओं ने नेशनल कॉन्फ्रेंस से अलग होकर डेमोक्रेटिक नेशनल कॉन्फ्रेंस बनाई। मुफ्ती मोहम्मद सईद ने 1960 में इसके जिला संयोजक के तौर पर अपनी राजनीतिक पारी शुरू कर दी। 2 साल में ही ये नई पार्टी टूट गई और सईद नेशनल कॉन्फ्रेंस में शामिल हो गए।
1962 में बिजबेहरा सीट से सईद को विधानसभा टिकट दिया गया। महज 26 साल की उम्र में वो विधायक बन गए। पांच साल बाद 1967 में मुफ्ती को इस सीट से दोबारा जीत मिली। मुख्यमंत्री जीएम सादिक ने उन्हें अपनी सरकार में उप-मंत्री बनाया। कुछ साल बाद सईद कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए।सईद को शेख अब्दुल्ला बिल्कुल पसंद नहीं करते थे। वो सईद की खिल्ली उड़ाते हुए कहते थे, ‘मैंने सुना है कोई मल्लाकोट (मुल्ला की औलाद) यहां कांग्रेस का लीडर बना फिरता है।’
