ग्वालियर में नए लुक में नजर आएगा 122 साल पुराना निगम संग्रहालय

ग्वालियर. वर्ष 1902 में बनकर तैयार हुई मोतीमहल स्थित नगर निगम संग्रहालय की इमारत जल्द ही नए लुक में नजर आएगी। इसके रेनोवेशन का काम शुरू कर दिया गया है। अभी तक यह इमारत अपने भीतर रखे दुर्लभ कलेक्शन के कारण चर्चित थी, लेकिन अब यह अपने बेहतर फसाड और वाल पेंटिंग के कारण आकर्षण का केंद्र बनेंगी। इंटेक संस्था के निर्देशन में नगर निगम ने स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन के बजट से इस इमारत को संवारने का काम शुरू कर दिया है। इसका विस्तार भी कराया जाएगा, क्योंकि बिल्डिंग के ठीक बगल में बने क्षेत्रीय कार्यालय क्रमांक 13 को भी इसका हिस्सा बनाया जा रहा है।
वीडियोग्राफिक रिकार्ड रहेगा
संग्रहालय में रखी दुर्लभ वस्तुओं को हटाने से पहले इसका वीडियोग्राफिक रिकार्ड तैयार कराया जाएगा। हर वस्तु के अलग-अलग एंगल से फोटो खींचे जाएंगे। इसके अलावा उनकी वर्तमान स्थिति की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि वस्तुओं को कोई नुकसान तो नहीं हुआ है। इसके अलावा काम पूरा होने के बाद नई गैलरियां भी तैयार कराई जाएंगी। इसमें श्रेणीवार दुर्लभ वस्तुओं को रखा जाएगा। उदाहरण के तौर पर पक्षियों के कलेक्शन को एक गैलरी में, वन्य प्राणियों के कलेक्शन को दूसरी में और अन्य आकर्षक वस्तुओं को तीसरी गैलरी में रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *