महिला समेत 2 नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने किया ढेर, विस्फोट सामाग्री बरामद
कवर्धा. कवर्धा जिले के रेंगाखार थाना क्षेत्र से लगे छग-मप्र सीमा में बालाघाट पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड हुई है। जिसमें बालाघाट हाक फोर्स ने दो माओवादियों को मुठभेड़ में मार गिराया है। कई नक्सलियों के घायल होने की भी सूचना है। मुठभेड़ के बाद घटनास्थल के सर्चिग किए जाने पर भारी मात्रा में नक्सली सामाग्री, हथियार, नक्सली साहित्य, बैनर, पोस्टर झंडे मिले हैं। कवर्धा एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने इसकी जानकारी दी है।

नक्सल मोर्चे पर मप्र-छग व महाराष्ट्र पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चला रही है। जिसमें एक दूसरे राज्य के पुलिस के साथ बेहतर तालमेल के चलते नक्सलियों के मामले में लगातर सफलता मिल रही है। मौजूदा मुठभेड़ तो बालाघाट पुलिस के साथ हुई है, लेकिन इससे कवर्धा जिले की पुलिस ने भी राहत की सांस ली है। क्योंकि मारे गए माओवादी में एक महिला भी शामिल है, जिसका नाम साजंति उर्फ क्रांति पति सुरेन्द्र निवासी सुकमा जिला जो कवर्धा जिले के कान्हा-भोरमदेव डिवीजन के विस्तार प्लाटून-2 व भोरमदेव एरिया डिविजन कमेटी की सदस्य थी। जिसे पुलिस ने मार गिराया है।
43 लाख रुपए का इनाम था घोषित
नक्सलियों के ऊपर 43 लाख रुपए का इनाम घोषित था। वहीं दूसरा माआवोदी का नाम रघु उर्फ शेरसिंह है,जो मलाजखंड एरिया कमेटी का सदस्य था। इन दोनों नक्सलियों को बालाघाट की पुलिस ने मार गिराया है। साथ ही इनके पास से भारी सामान मिला है। कवर्धा जिले में नक्सली नेतृत्वकर्ता के लिए जूझ रहे हैं। मारी गई नक्सली क्रांति भोरमदेव एरिया और बोड़ला डिविजन का काम देख रही थी। उसके मारे जाने के बाद माओवादियों के सामने लीडर को लेकर चुनौती रहेगी। पुलिस लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। जिससे नक्सली बैकफुट पर आ गए हैं।
