ग्वालियर में अचानक बढ़ा साढ़े तीन लाख मीट्रिक टन कचरा

ग्वालियर. नगर निगम में कचरा निष्पादन की एक बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। केदारपुर स्थित लैंडफिल साइट पर पिछले 15 वर्षों से कचरा डंपिंग के कारण बने पहाड़ों को खत्म करने के लिए जब राज्य सरकार द्वारा तय की गई एजेंसी से सर्वे कराया गया, तो कचरे की मात्रा साढ़े सात लाख मीट्रिक टन बताई गई थी। इसका प्रस्ताव बनाकर जब केंद्र सरकार को भेजा गया, तो 33.16 करोड़ रुपये का अनुदान प्राप्त हुआ। इस अनुदान के आधार पर लैंडफिल साइट पर ट्रामल मशीनें लगाकर कचरे का निष्पादन शुरू कराया गया। निष्पादन शुरू होने पर अचानक ही कचरे की मात्रा साढ़े तीन लाख मीट्रिक टन बढ़ गई और कचरा बढ़कर 10 लाख मीट्रिक टन से ऊपर पहुंच गया। ऐसे में अब सवाल खड़े हो रहे हैं कि अचानक कचरे की मात्रा में कैसे इजाफा हुआ।
यदि कचरा नहीं बढ़ा है, तो गुजरात की मार्स एजेंसी के सर्वे में क्या कमियां रहीं। इन सभी के बीच निगम ने बढ़े हुए कचरे को समाप्त करने के लिए 22 करोड़ रुपये का प्रस्ताव बनाकर फिर से केंद्र सरकार को भेजा है। हालांकि ये राशि मिलना मुश्किल है। ऐसे में पूरे निष्पादन के बावजूद साढ़े तीन लाख मीट्रिक टन कचरा बाकी रह जाएगा। वहीं पिछले दिनों शुरू हुआ डंप कचरे के निष्पादन का काम भी बंद हो चुका है, क्योंकि लैंडफिल साइट पर लगाए गए चार ट्रामल के आगे लगभग 45 हजार मीट्रिक टन (इनर्ट) निष्क्रिय कचरा पड़ा है। टेंडर की शर्तों के मुताबिक इसे खदानों के गड्ढों में डालना है, लेकिन अभी तक निगम के जिम्मेदार अधिकारी यह तय ही नहीं कर पाए हैं कि ये निष्क्रय कचरा कहां डंप किया जाएगा। हालांकि अभी तक दिल्ली की दयाचरण एंड संस कंपनी ने 60 हजार मीट्रिक टन कचरे का निष्पादन कर लिया है और इससे निकले 13 हजार मीट्रिक टन इनर्ट को लैंडफिल साइट के नजदीक ही निगम ने डंप कराया है।
कचरा कैसे बढ़ा, मैं इसकी जानकारी लेता हूं
लैंडफिल साइट पर कचरा निष्पादन के बाद जो इनर्ट निकला है, उसे डंप करने के लिए हम जगह की मांग प्रशासन से की है। इसकी प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही जगह चिह्नित होते ही इनर्ट को हटा दिया जाएगा। कचरा कैसे बढ़ा, मैं इसकी जानकारी लेता हूं। जहां तक 22 करोड़ रुपये के प्रस्ताव की बात है, तो वह डंप के अलावा प्रतिदिन निकलने वाले कचरे के लिए भी भेजा गया होगा।
विजय राज, अपर आयुक्त नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *