मतदान प्रतिशत बढ़ाने में अहम योगदान देने वाले शासकीय सेवकों का हुआ सम्मान, कलेक्टर ने किया सम्मानित
ग्वालियर – पिछले विधानसभा चुनाव में प्रभावी ढंग से मतदाता जागरूकता अभियान चलाकर मतदान प्रतिशत बढ़ाने में अहम योगदान देने वाले एक दर्जन अधिकारी-कर्मचारियों को सोमवार को सम्मानित किया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने कलेक्ट्रेट के सभागार में इन अधिकारियों-कर्मचारियों को नगद पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और साथ ही आह्वान किया कि लोकसभा चुनाव में भी और बढ़चढ़कर मतदाता जागरूकता गतिविधियों को अंजाम दें। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विवेक कुमार एवं अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार व टी एन सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
इनका हुआ सम्मान
विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर ग्रामीण में स्वीप गतिविधियाँ संचालित करने के लिये बीआरसी हरिचरण शाक्य व सीडीपीओ सुनील शर्मा को सम्मानित किया गया। इसी तरह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर के लिए बीआरसी एसबीएस जादौन व सीडीपीओ मनोज कुमार गुप्ता, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर पूर्व के लिए एनयूएलएम के सिटी मैनेजर संदीप राजपूत व ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्रीमती मंजू सिंह, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र ग्वालियर दक्षिण के लिए सीडीपीओ श्रीमती रेखा तिवारी व श्रीमती दीपिका रावत, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र भितरवार के लिये बीआरसी घाटीगाँव शशिभूषण व सीडीपीओ ज्ञानेन्द्र शर्मा एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र डबरा के लिये सीडीपीओ बबीता धाकड़ व एनआरएलएम के मैनेजर नारायण सिंह कुशवाह को सम्मानित किया गया।
