पांच बदमाशों का पुलिस ने निकाला जुलूस, बदमाशों से हथियार बरामद
ग्वालियर. हजीरा में 24 घंटे पहले नशे में धुत बदमाशों ने जहां हथियार लहराकर गोलियां चलाई थी और इलाके में दहशत फैलाई थी। वहां सभी बदमाश सिर झुका कर चल रहे थे। 24 घंटे में पुलिस ने इस पूरे कांड का खुलासा कर फायरिंग करने वाले 5 बदमाशों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद कर लिये हैं। पुलिस ने बदमाशों की दहशत कम करने के लिये वहीं से उनका पैदल जुलूस निकाला है। जहां उन्होंने दहशत फैलाई थी।
क्या है पूरा मामला
हजीरा क्षेत्र में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद रामू बैस के घर पर हमला कर गोली चलाकर दहशत फैलाने वाले पांच बदमाशों को पुलिस घटनास्थल पर लेकर पहुंची। यहां पर पंचनामा बनाने के साथ पुलिस ने बदमाशों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कट्टा, सरिए, बाइक और डंडे बरामद किए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बदमाशों को क्षेत्र में पैदल ही घुमाया। पुलिस की इस कार्रवाई के दौरान एकत्रित लोगों के बीच चर्चा थी कि पुलिस ने बदमाशों का जुलूस निकाला है। हजीरा थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह ने बताया कि अभी तीन आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद 8 से 10 हमलावरों ने रामू बैस के घर पर हमला कर दिया था। घटना के बाद पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस इन सभी बदमाशों का रिकॉर्ड खंगाल रही है।
