13 वर्षीय बालक की बेल्ट से पिटाई का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने किया गिरफ्तार

आरोपी संजय बाथम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
शिवपुरी. एक युवक ने 13 वर्षीय बालक की बेल्ट से पिटाई कर दी। आरोपी ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया और कैप्शन में लिखा है कि लोग मुझे बिगड़ा नबाव करते हैं। यह वीडियो बुधवार की घाम को सामने आया है। घटना मंगलवार की सुबह की बताई जा रही है। पुलिस ने गुरूवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पीडि़त की मां ने कहा है कि बेटा आशीष शौच के लिये गया था। संजय बाथम उसे पीटते-पीटते घर लाया। संजय का कहना था कि आशीष उनकी घर की महिलाओं को देखता था। संजय ने धमकी भी दी थी कि जहां शिकायत करना है कर आओ, मेरा कुछ नहीं होने वाला। मां ने बताया है कि उसके बेटे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। इसके बावजूद उसे पढ़ा-लिखा रही है। पिटाई के बाद से बेटा डरा सहमा रहता है। उसने घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है।
एडवोकेट बोले- यह सामान्य अपराध नहीं
एडवोकेट संजीव बिलगैयां का कहना है कि बाल अपराध के मामले में न्यायालय के स्पष्ट निर्देश हैं कि प्रथम सूचना पर ही कार्रवाई होनी चाहिए थी। जो घटना पीड़ित के साथ हुई है वह सामान्य अपराध नहीं है। इसमें आईपीसी के अलावा आईटी एक्ट की धाराओं में भी प्रकरण कायम होना चाहिए था। यह पुलिस की बड़ी लापरवाही है।
पीड़ित के घर शौचालय नहीं है
बता दें, बालक के घर में शौचालय नहीं है। न ही उसे शौचालय बनवाने के लिए शासन की योजना का लाभ मिला है।
