वरुण गांधी नहीं लड़ेंगे चुनाव, मेनका गांधी के लिए सुल्तानपुर में करेंगे प्रचार

नई दिल्ली. वरूण गांधी लोकसभा चुनाव नहीं लडेंगे, उनकी टीम ने बुधवार को इस बारे में जानकारी दी और कहा कि वरूण गांधी अपनी मां मेनका गांधी के लिए सुल्तानपुर में चुनाव प्रचार पर फोकस करेंगे। भारतीय जनता पार्टी ने वरूण गांधी को पीलीभीत से इस बार लोकसभा चुनाव का टिकट नहीं दिया। उनकी जगह जितिन प्रसाद को बीजेपी ने चुनाव मैदान में उतारा। वरूण की मां मेनका गांधी को भाजपा ने सुल्तानपुर से फिर टिकट दिया है। बता दें कि वरूण गांधी नामांकन पत्र खरीदा था जिसके बाद ऐसी चर्चाएं थी कि वह बीजेपी से बगावत करके पीलीभीत से निर्दलीय लोकसभा का चुनाव लड सकते है लेकिन उनकी टीम ने बयान जारी कर इन अटकलों पर विराम लगा दिया है।
इससे पहले यूपी भाजपा अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह ने वरूण गांधी का टिकट काटे जाने पर कहा था कि इस बार पार्टी ने उन्हें चुनाव लडने का अवसर नहीं दिया है लेकिन वह हमारे साथ है। उनके बारे में पार्टी नेतृत्व ने जरूर कुछ बेहतर ही सोच रखा होगा। अधीर रंजन चौधरी द्वारा वरूण को कांग्रेस में आने का न्योता देने पर भूपेंद्र सिंह ने कहा वरूण गांधी भाजपा के सच्चे सिपाही है। पूरा भरोसा है कि वह भाजपा में ही रहेंगे। वह गांधी परिवार से आते है और भाजपा ने ही उन्हें तीन बार सांसद बनाया। अधीर रंजन चौधरी ने आरोप लगाया था कि वरूण का संबंध गांधी परिवार से है इसलिए भाजपा ने उनका टिकट काट दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *