1 अप्रैल से पाकिस्तान बॉर्डर के पास बम बरसाएगी भारतीय वायु सेना
नई दिल्ली. भारतीय वायुसेना का देश का सबसे बडा सैन्य अभ्यास गगन शक्ति 1 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने इस संबंध में जरूरी निर्देश जारी कर दिए है। इस अभ्यास के दौरान भारतीय वायुसेना के सभी हवाईअड्डे सक्रिय रहेंगे। इसमें तेजस, राफेल, सुखोई 30, जागुआर, ग्लोबमास्टर, चिनूक अपाचे, प्रचंड सहित कई लडाकू विमान और हेलीकॉप्टर हिस्सा लेंगे। गगन शक्ति के तहत इसमें उत्तरी और पश्चिमी मोर्चे को समग्र रूप से शामिल करते हुए अलग-अलग हिस्सों में वायु सेना अभ्यास करेगी। इसमें भारतीय वायुसेना के लडाकू विमान और लडाकू हेलीकॉप्टर अलग-अलग वायु सेना अड्डे से उडान भरेंगे और राजस्थान के पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज में बनाए गए लक्ष्य पर निशाना साध दुश्मन को तबाह करेंगे।
संभालेगी वायु सेना का मोबिलाइजेशन
भारतीय वायु सेना की तमाम तैयारियों में भारतीय थल सेना साथ देगी। रक्षा मंत्रालय ने इस अभ्यास के तहत ऑपरेशनल रेल मोबिलाइजेशन प्लान को हरी झंडी दे दी है। इसके तहत करीब 10 हजार वायुसैनिकों और गोला-बारूद की पूरे देश में आवाजाही की सुविधा दी है।
