अब ग्वालियर के नए टर्मिनल से उड़ान भरेंगे विमान
ग्वालियर. हवाई सेवाओं को लेकर ग्वालियर की जिस नई उडान का इंतजार था वह घडी अब आ गई है। ग्वालियर के ड्रीम प्रोजेक्ट एयर टर्मिनल के शुभारंभ के बाद इसके ऑपरेशनल होने का बेसब्री से इंतजार था जो कि 28 मार्च को खत्म हो रहा है। सीआईएसएफ का बल एयर टर्मिनल को मिल चुका है जिसके बाद अब पूरे टर्मिनल पर इनकी तैनाती की जा रही है।
दो दिन पहले एयर टर्मिनल के ऑपरेशनल होने की सूचना जारी कर दी जाएगी जिससे आमजन तक यह जानकारी पहुंचाई जा सके। वहीं मार्च महीने में अब तक का एयर ट्रैफिक चार्ट जारी किया गया है जिसमें एलाइंस एयर के इंदौर विमान को सबसे ज्यादा ट्रैफिक लोड मिला है। यह आंकडा 82 प्रतिशत तक है। अब नई टर्मिनल के शुरू होने के बाद से एयर ट्रैफिक के आंकडों में बढोत्तरी की संभावना है।
बता दें कि पांच सौ करोड़ की लागत से तैयार किया गया नया एयर टर्मिनल प्रदेश में सबसे भव्य एयरपोर्ट इमारत है और देश में सबसे तेजी से बनने वाले एयरपोर्ट में इसी टर्मिनल का नाम दर्ज है। पुराने एयरपोर्ट राजमाता विजयाराजे सिंधिया एयर टर्मिनल ही नए एयर टर्मिनल का नाम रखा गया है, मार्च माह में ही पीएम नरेन्द्र मोदी के हाथों इसका वर्चुअल लोकार्पण किया जा चुका है। फोर्स की उपलब्धता न हो पाने के कारण इसे आपरेशनल नहीं किया गया था।
