ग्वालियर में IAS की पत्नी का कथित आडियो वायरल, जमीन विवाद में धमकाने का आरोप
ग्वालियर. शहर के महाराजपुरा थाने में जमीनी विवाद पर घर में घुसकर मारपीट व धमकाने का हाइप्रोफाइल मामला सामने आया है। बुंदेलखंड में पदस्थ एक आइएएस अफसर के ससुर सहित अन्य ससुराल वालों पर एफआइआर हुई है। इस घटना से जुड़ा एक आडियो इस घटना के 12 दिन बाद रविवार को इंटरनेट मीडिया पर बहुप्रसारित हो रहा है, जिसमें एक महिला एक पुरुष को धमका रही है, यहां तक कि इसमें महिला द्वारा काफी अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया।
दावा किया जा रहा है, अभद्र भाषा का प्रयोग करने वाली महिला आइएएस की पत्नी है। एफआइआर तो 12 दिन पहले हुई, लेकिन आडियो रविवार को बहुप्रसारित हुआ है। इतना ही नहीं इस मामले में जो दूसरा पक्ष है, उस पर पहले से गोला का मंदिर थाने में उन्हीं धाराओं में एफआइआर पहले से दर्ज है। जिस आडियो को आइएएस की पत्नी का बताकर बहुप्रसारित कराया जा रहा है, उसे लेकर पुलिस अधिकारियों का कहना है। आडियो को लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं है। दोनों पक्षों पर क्रास एफआइआर दर्ज हुई है, इसलिए पड़ताल करवाई जा रही है।
