ई-रिक्शा से 15 लाख रूपये की ज्वेलरी चोरी, सराफा व्यापारी की जेब से निकला 240 ग्राम सोना
ग्वालियर. ई-रिक्शा में भिण्ड के सराफा व्यापारी की जेब से कोई 240 ग्राम सोना करीब 15 लाख रूपये के चोरी कर ले गया है। घटना शनिवार की शाम को गोला का मंदिर से हजीरा के बीच हुई है। व्यापारी अपनी के साथ ई-रिक्शा में सवार थे। हजीरा पर उनको जेब से ज्वेलरी निकलने का अहसास हुआ तो उन्होंने शोर मचाया और इसके बाद वह हजीरा थाना पहुंचे हैं। पुलिस घटना को परिस्थितियां संदिग्ध मान रही है। हालांकि पुलिस ने जब सीसीटीवी कैमरे तलाशे तो ई-रिक्शा के पास एक बाइक चलता दिख रहा है। ई-रिक्शा में सवार युवक उसके साथ जाता हुआ दिखाई दे रहा है। फिलहाल पुलिस संदेहियों की तलाश कर रही है।
क्या है मामला
भिंड के अमायन निवासी संदीप सोनी सराफा कारोबारी हैं। अमायन में उनकी ज्वेलरी शॉप है। शनिवार को वह पत्नी के साथ ग्वालियर किसी काम से आए थे। बस से वह गोला का मंदिर चौराहा पर उतरे और यहां से उन्होंने हजीरा में अपने भाई के घर जाने के लिए ई-रिक्शा की सवारी ली। वह एक सीट पर बैठ गए। इसी समय इसमें एक युवक और सवार हुआ। कुछ देर बाद युवक ने संदीप सोनी से सीट बदलने लिए कहा। व्यापारी ने सीट बदल ली, लेकिन इसके बीच उनकी जेब से उसने 240 ग्राम के सोने के गहने पार कर दिए। हजीरा पर ई-रिक्शा में सवार युवक तेजी से उतरा और किराया देते हुए आगे खड़े बाइक सवार के साथ बैठकर फरार हाे गया। तभी व्यापारी ने अपनी जेब तलाशी तो उसमें रखे गहने पार हो चुके थे। इसके बाद व्यापारी ने हंगामा मचाया और हजीरा थाना में मामले की सूचना दी। पुलिस तत्काल हजीरा पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी में दिखाई दिया संदेही
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे तलाशे तो उसमें ई-रिक्शा के पास एक मोटरसाईकिल सवार दिखा है। पुलिस ने फुटेज ले लिये हैं, पुलिस संदेहियों की तलाश कर रही है। लेकिन व्यापारी की कुछ बातों पर पुलिस को मामला संदिग्ध लग रहा है। जैसे सीट बदलना और 240 ग्राम के गहने जेब में रखना, हालांकि पुलिस अभी जांच कर रही है।
पुलिस बोली
हजीरा थाना पुलिस ने बताया है कि एक व्यक्ति ने थाना आकर ई-रिक्शा में जेब से गहने चोरी होने की शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आयेंगे उस आधार पर कार्यवाही करेंगे।
