अपहरण की कहानी रचने वाली छात्रा इन्दौर के आसपास, शिवपुरी की छात्रा मोबाइल बंद
कोटा. राजस्थान के कोटा से गायब शिवपुरी की छात्रा के बारे में रोज नये खुलासे हो रहे हैं। पहले अपहरण का कॉल, फिर स्वयं ही साजिश में शामिल होने जैसी बातें सामने आने के बाद अब उसकी लोकेशन को लेकर नयी जानकारी सामने आई है। लड़की की लोकेशन इन्दौर और आसपास के इलाके में बताई जा रही है। क्राइम ब्रांच और राजस्थान पुलिस भी इन्दौर में ही सक्रिय है। दोनों टीमें छात्रा और उसके साथी को तलाश रही है। इस दौरान छात्रा के पिता भी इन्दौर पहुंच गये है। उनका कहना है कि बेटी के मिलने के बाद ही कुछ कह पाऊंगा। इधर, क्राइम ब्रांच की टीम लड़की के साथ हर्षित की तलाश में उसके दोस्त के रूम पर भी पहुंची। क्राइम ब्रांच को हर्षित का मोबाइल उसके दोस्त के रूम पर ही पड़ा मिला। अधिकारियों की माने तो छात्रा ने जयपुर से नयी सिम ली थी। जो बुधवार तक चालू थी। सिम की लोकेशन ट्रेस कर पुलिस लड़की को तलाश रही थी। लेकिन अब उसने मोबाइल बंद कर लिया है।

एडीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार काव्या और हर्षित को लेकर अभी भी इन्दौर में क्राइम ब्रांच की टीमें तलाश कर रही है। गजेन्द्र उर्फ ब्रजेश और अमन को राजस्थान पुलिस अपने साथ ले गयी है। जबकि हर्षित का मोबाइल गजेन्द्र के कमरे पर ही मिला। जिसे क्राइम ब्रांच ने जब्त कर लिया। गजेन्द्र की लोकेशन क्राइम ब्रांच को उसके रूपप र ही मिली और दूसरे साथी अमन ने पूछताछ में बताया कि वह काव्या और हर्षित को छोड़ने मेन रोड तक आया था और इसके बाद वह कहां गये उन्हें नहीं पता।
बेटी मिलने के बाद ही मैं कुछ कह पाऊंगा: पिता
इंदौर पहुंचे काव्या के पिता का कहना है अभी बेटी का पता नहीं चला है। पुलिस जो कहानी बता रही है, तब तक यकीन नहीं कर सकते, जब तक बेटी नहीं मिल जाए। अब हम भी इंदौर में उसे खोजने आए हैं। पुलिस अपहरण फर्जी बता रही है। हो सकता है बेटी की गलती न हो। उसके मिलने के बाद ही पुलिस को सच्चाई सामने लाना चाहिए थी।
