सिंधिया के गढ़ ग्वालियर की चुनावी तैयारी से संगठन नाराज
भोपाल. ज्योतिरादित्य सिंधिया के गृह क्षेत्र ग्वालियर की चुनावी तैयारी और कमजोर अभियानों के कारण जिला संगठन की भूमिका को लेकर भाजपा के प्रदेश नेतृत्व ने नाराजगी जताई है। प्रदेश संगठन और मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव दोनों ने ही इस पर अप्रसन्नता जाहिर की। यही स्थिति भिंड और मुरैना की भी है। दरअसल, प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश चुनाव प्रभारी प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में जाकर बैठक नहीं कर सकते इसलिए प्रदेश कार्यालय में लोकसभा सीट वार बैठकें कर पदाधिकारियों चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया जा रहा है।
गुरुवार को भी ग्वालियर चंबल सहित आठ लोकसभा सीटों की चुनावी तैयारियों को लेकर प्रदेश भाजपा कार्यालय में दिन भर बैठकें चली। गुना, मुरैना, भिंड, धार, देवास खरगोन, मंदसौर और ग्वालियर की चुनावी टोली की बैठक ली गई। बैठक में लोकसभा चुनाव की तैयारी के लिए बनाए गए लोकसभा प्रभारी, लोकसभा संयोजक, विधानसभा प्रभारियों और टोली प्रभारियों से अब तक के काम काज की जानकारी ली गई। वहीं पार्टी के पक्ष में जनता के बीच क्या माहौल है इसके बारे में भी चर्चा की गई। कौन कार्यकर्ता काम कर रहा है कौन नहीं कर रहा है, चुनावी सामग्री बूथ स्तर तक पहुंची या नहीं इस तरह की तमाम चुनावी तैयारियों की जानकारी एक-एक कर ली गई।
पिछले चुनाव में हारे बूथ पर बनाए मजबूत पकड़
पार्टी संगठन ने बूथवार समीक्षा की। बैठक में पूछा गया कि पिछले चुनाव में कितने बूथ हारे थे और पिछले बार के मुकाबले इस बार वहां क्या स्थिति है। इन बूथों पर और बेहतर कार्य करने के लिए सुझाव भी लिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर 370 वोट बढ़ाना है इसके लिए लोगों से संपर्क करें, उन्हें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दस वर्षों के विकास कार्य और मोदी की गारंटी बताएं। भाजपा के 2047 के विजन को लेकर भी आमजन से चर्चा कर पार्टी के पक्ष में जनाधार मजबूत करें। प्रदेश अध्यक्ष मोहन यादव ने कहा कि अबकी बार 400 पार और मध्य प्रदेश में सभी 29 लोकसभा सीटों पर कमल खिलाकर प्रधानमंत्री की झोली में डालना है। इसके लिए दिन रात एक कर दीजिए। ग्रामीण स्तर तक पार्टी रीति नीति पहुंचाए।
