पूरी पारदर्शिता के साथ हुआ ईवीएम व वीवीपैट का प्रथम रेण्डमाइजेशन
ग्वालियर -लोकसभा आम निर्वाचन में ग्वालियर जिले में उपयोग में लाई जाने वाली ईवीएम (इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन) और वीवीपैट का प्रथम रेण्डमाईजेशन गुरूवार को किया गया। यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान ने पूरी पारदर्शिता के साथ विधानसभा क्षेत्रवार ईवीएम रेण्डमाइजेशन कराया। इसके बाद राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम वेयर हाउस व स्ट्रांग रूम का भ्रमण भी कराया।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सॉफ्टवेयर से जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्रीमती अभिलाषा जैन ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की सहमति के बाद ईवीएम रेण्डमाईजेशन की कार्रवाई पूर्ण की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्रीमती अंजू अरुण कुमार एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव जैन सहित जिले के सभी सहायक रिटर्निंग अधिकारी तथा मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधिगण मौजूद थे।
प्रथम रेण्डमाईजेशन के बाद अब यह तय हो गया है कि कौन सी ईवीएम किस विधानसभा क्षेत्र में प्रयुक्त होगी। अगले रेण्डमाईजेशन में मतदान केन्द्रवार ईवीएम का निर्धारण होगा। प्रथम चरण के रेण्डमाईजेशन में जिले के हर विधानसभा क्षेत्र के कुल मतदान केन्द्रों से 20 – 20 प्रतिशत अधिक बैलेट व कंट्रोल यूनिट और 30 प्रतिशत अधिक वीवीपैट का रेण्डमाईजेशन किया गया है।
