महंगाई भत्ता-आज MP कैबिनेट में बढ़ाया जा सकता है कर्मचारियों का महंगाई भत्ता
भोपाल. लोकसभा चुनाव की घोषणा से पहले मोहन यादव कैबिनेट की बैठक आज गुरूवार को मंत्रालय में होगी। इसमें कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढाने का निर्णय लिया जा सकता है। केंद्र सरकार द्वारा 4 प्रतिशत महंगाई भत्ता बढाने के बाद अब केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों के बीच अंतर 8 प्रतिशत हो गया है। महंगाई भत्ता बढाने की मांग को लेकर मंत्रालय अधिकारी-कर्मचारी सेवा संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव कार्यालय में ज्ञापन दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि कैबिनेट में विभागीय जांच से लेकर विकास परियोजनाओं से जुडे प्रस्तावों पर निर्णय लिया जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि बैठक में कर्मचारियों का महंगाई भत्ता और पेंशनरों की महंगाई राहत बढाने का निर्णरू लिया जा सकता है। केंद्रीय कर्मचारियों का महंगाई भत्ता जुलाई 2023 में 4 प्रतिशत बढाकर 46 और 1 जनवरी 2024 से फिर 4 प्रतिशत वृद्धि के साथ 50 प्रतिशत कर दिया है।
जबकि, राज्य के कर्मचारियों को 42 प्रतिशत की दर से ही महंगाई भत्ता मिल रहा है। इसी तरह पेंशनरों को भी 42 प्रतिशत की दर से ह महंगाई राहत मिल रही है। मंत्रालय अधिकारी-कर्मचारी सेवा संघ के अध्यक्ष सुधीर नायक के साथ प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के सचिव भरत यादव और मुख्य सचिव के विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी राजेश सिंह को ज्ञापन देकर आठ प्रतिशत महंगाई भत्ता बढ़ाने की मांग की।
