भिंड में BJP प्रत्याशी संध्या राय के विरोध
भिंड. भिण्ड-दतिया लोकसभा बीजेपी प्रत्याशी मौजूदा सांसद संध्या राय का भिंड में जमकर विरोध हुआ। वे यहां मंदिर में दर्शन करने आईं तो लोगों ने क्षेत्र में उनकी निष्क्रियता के चलते खूब खरीखोटी सुनाई। स्थानीय लोगों और सांसद की बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि, यह वीडियो 5 दिन पुराना बताया जा रहा है। इस वीडियो में दिखाई दे रहा है कि सभी लोग और राय फर्श पर बैठे हुए हैं। सभी के बीच बहस हो रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो मेंहगांव के वनखंडेश्वर महादेव मंदिर का है। लोकसभा चुनाव से पहले इस तरह का विरोध बीजेपी के लिए परेशानी खड़ी कर सकता है।

गौरतलब है कि भिंड-दतिया बीजेपी का गढ़ माने जाते हैं। यहां बीजेपी को शिकस्त देना आसान नहीं। बीजेपी ने दूसरी बार संध्या राय को सांसदी का टिकट दिया है। ये संयोग है कि बीजेपी ने संध्या राय को यहां से दूसरी बार टिकट दिया है। क्योंकि, पिछले 53 साल में बीजेपी ने इस सीट पर अनुसूचित जाति वर्ग के किसी शख्स को दूसरी बार उम्मीदवार नहीं बनाया।
इस बार सांसद संध्या राय को भिंड-दतिया सीट पर कांग्रेस के दलित नेता फूलसिंह बरैया से टक्कर मिलेगी। बरैया अभी दतिया जिले की भांडेर विधानसभा सीट से एमएलए हैं। बरैया को संसद का चुनाव लड़ने का भी अनुभव है। वे ग्वालियर से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के पिता माधवराव सिंधिया के खिलाफ भी चुनावी मैदान में उतर चुके हैं। हालांकि, यहां उन्हें हार ही मिली वे पहली बार 1998 में भांडेर विधानसभा से विधायक बने। वे 2023 के चुनाव में भी इसी सीट से जीते।
