पुलिस ने शासन के प्रति जनता का विश्‍वास बढ़ाया, इसके लिए पुलिस बधाई की पात्र है – प्रद्युम्न सिंह तोमर

ग्वालियर, सोना-चाँदी व्यवसाई राहुल गोयल के मुनीम के साथ 31 जनवरी को थाना-बागचीनी, जिला-मुरैना में हुई लूट की घटना के दोषी अपराधियों को मुरैना पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर, माल की बरामदगी किए जाने के उपलक्ष्य में व्यवसाईयों द्वारा आज चेम्बर ऑफ कॉमर्स के नेतृत्व में अग्रवाल सेवा सदन, मुरैना में मुरैना-पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान किया गया ।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित, प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अपने उद्बोधन में कहाकि मुरैना पुलिस ने उल्लेखनीय कार्यवाही करके राज्य शासन के प्रति जनता का विश्‍वास बढ़ाया है, इसके लिए पुलिस प्रशासन निश्‍चित ही बधाई की पात्र है । साथ ही, सरकार इसके लिए कटिबद्ध है कि जो भी आवश्‍यक कदम उठाए जाने चाहिए थे, वह उठाए भी गए । सरकार अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही करने से कभी नहीं चूकेगी । आपने कहाकि यह मेरा सौभाग्य है कि मैं, व्यापारियों के काम आ पाता हूँ और व्यापारी मेरे ऊपर भरोसा करते हैं । आपने इस अवसर पर व्यापारियों को इस बात के लिए धन्यवाद दिया कि उन्होंने बंद जैसे निर्णय को मेरे आग्रह पर टाला ।
अध्यक्ष-डॉ. प्रवीण अग्रवाल ने इस अवसर पर अपने उद्बोधन में कहाकि निश्‍चित रूप से हमने जो 02 फरवरी से लूट की घटनाओं के विरुद्ध जो आंदोलन प्रारम्भ किया गया और इस पर लगातार बैठकों का आयोजन कर, हमारे द्वारा अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार किए जाने का अल्टीमेटम दिया जा रहा था तथा विभिन्न बाजारों में धरना-प्रदर्शन किया जा रहा था । मुरैना पुलिस की पूरी टीम का सम्मान ‘चेम्बर भवन’ में बुलाकर करने की बात जो कि ऊर्जा मंत्री द्वारा अपने उद्बोधन में कही गई थी, उस पर आपने कहाकि शीघ्र ही पुलिस की पूरी टीम को चेम्बर ऑफ कॉमर्स में बुलाकर, अवश्‍य ही सम्मानित किया जाएगा । आपने कहाकि पुलिस और चेम्बर के बीच में सदैव सेतु का कार्य करेंगे और यही चेम्बर ऑफ कॉमर्स का मुख्य उद्देश्‍य है ।
इस अवसर पर मुरैना पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहाकि हमने शुरू से ही इस घटना को एक चैलेंज के रूप में लिया था, परन्तु इस घटना के दोषी अपराधी अत्यन्त ही शातिर किस्म का था, हमें मिल नहीं रहा था । हमारे जवानों की टीम ने मशरुका की बरामदगी हेतु अपराधियों के खेतों में सरसो की फसल भी काटी और खेत भी जोता । तब जाकर अंत में कुछ खेत में तथा कुछ अपराधी के घर के गटर में माल मिला, जिसे पुलिस टीम द्वारा जप्त किया गया । पीड़ित व्यवसाई- राहुल गोयल एवं प्रहलाद गोयल अपने पूरे परिवार सहित इस अवसर पर उपस्थित थे ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *